बलिया पुलिस ने हत्या के एक वांछित आरोपी को मुठभेड़ के बाद गिरफ्तार करने का दावा किया है। पुलिस के अनुसार, गड़वार थाना क्षेत्र में रात्रि गश्त के दौरान पुलिस टीम ने मुखबिर की सूचना पर रतसड़-नूरपुर मार्ग स्थित पुलिया के पास घेराबंदी की। इस दौरान आरोपी ने कथित रूप से पुलिस टीम पर फायरिंग कर दी।
पुलिस ने आत्मरक्षा में जवाबी कार्रवाई की, जिसमें सौरभ उपाध्याय निवासी असनवार पंडितपुरा, थाना गड़वार के दाहिने पैर में गोली लगी। घायल आरोपी को तत्काल सीएचसी रतसड़ में भर्ती कराया गया, जहां उसका उपचार चल रहा है।
पुलिस के मुताबिक पूछताछ में आरोपी ने पुराने मुकदमे के गवाह विनोद उपाध्याय की हत्या की साजिश में शामिल होने की बात स्वीकार की है। पुलिस का दावा है कि यह वारदात आरोपी ने अपने पिता और अन्य साथियों के साथ मिलकर अंजाम दी थी।
घायल आरोपी के कब्जे से एक अवैध .315 बोर तमंचा, एक जिंदा कारतूस और एक खोखा कारतूस बरामद किया गया है। पुलिस ने मामले में आगे की विधिक कार्रवाई शुरू कर दी है।
#Ballia #Balliakhabar #BalliaPolice