🔳बालिकाओं की प्रतिभा को प्रोत्साहित करने आयोजित की गईं विभिन्न प्रतियोगिताएं
🔳रंगोली और चित्रकला के माध्यम से दिया बेटी बचाओ का संदेश, बालिका अधिकारों एवं बाल विवाह रोकथाम की दी जानकारी
🔳कटनी – अंतर्राष्ट्रीय बालिका दिवस के अवसर पर बालिकाओं के सशक्तिकरण, अधिकारों के प्रति जागरूकता और उनकी प्रतिभा को प्रोत्साहित करने के लिए कलेक्टर श्री आशीष तिवारी के निर्देश पर महिला एवं बाल विकास विभाग द्वारा जिलेभर में विभिन्न गतिविधियों का आयोजन किया जा रहा है। जिला कार्यक्रम अधिकारी महिला एवं बाल विकास श्री अब्दुल गफ्फार के निर्देशन में बेटी बचाओ-बेटी पढ़ाओ योजना के अंतर्गत पांच दिवसीय कार्यक्रम आयोजित किए जा रहे हैं। इन गतिविधियों के माध्यम से बालिकाओं को उनके अधिकारों, सुरक्षा, लैंगिक समानता तथा बाल विवाह जैसी सामाजिक कुरीतियों के प्रति जागरूक किया जा रहा है।
*रंगोली और चित्रकला प्रतियोगिताओं से दिया जागरूकता का संदेश*
अंतर्राष्ट्रीय बालिका दिवस की इस वर्ष की थीम बाल विवाह को समाप्त करना और बालिका अधिकारों को सुनिश्चित करना के अनुरूप जिले के विभिन्न बालिका छात्रावासों में रचनात्मक प्रतियोगिताएं आयोजित की गईं। परियोजना बहोरीबंद के शासकीय अनुसूचित जाति सीनियर उत्कृष्ट बालिका छात्रावास बहोरीबंद, विजयराघवगढ़ के कस्तूरबा गांधी बालिका छात्रावास तथा ढीमरखेड़ा के नेताजी सुभाषचंद्र बोस बालिका छात्रावास सिलोड़ी में बाल विवाह रोकथाम एवं बेटी बचाओ की थीम पर रंगोली प्रतियोगिताएं आयोजित की गईं। छात्राओं ने रंगोली के माध्यम से बालिका संरक्षण, शिक्षा और सशक्तिकरण का संदेश दिया।
इन कार्यक्रमों के दौरान छात्राओं को बाल विवाह मुक्त भारत अभियान के अंतर्गत बाल विवाह प्रतिषेध अधिनियम, 2006 के प्रावधानों की जानकारी दी गई। उन्हें बाल विवाह के दुष्परिणामों से अवगत कराते हुए इसके उन्मूलन में समाज की भूमिका के बारे में भी बताया गया।
इसी क्रम में कस्तूरबा गांधी बालिका छात्रावास पहाड़ी में अंतरराष्ट्रीय बालिका दिवस के उपलक्ष्य में चित्रकला प्रतियोगिता आयोजित की गई। इसमें बालिकाओं ने रंगों के माध्यम से बालिका सशक्तिकरण और उनके अधिकारों से जुड़े संदेश प्रस्तुत किए। प्रतियोगिता में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाली छात्राओं को पुरस्कृत कर उनका उत्साहवर्धन किया गया। कार्यक्रम के समापन पर छात्राओं एवं छात्रावास के कर्मचारियों को बाल विवाह रोकथाम की शपथ भी दिलाई गई।
*बाल अधिकारों और कानूनी प्रावधानों की दी जानकारी*
शासकीय उत्कृष्ट उच्चतर माध्यमिक विद्यालय बड़वारा में बाल विवाह रोकथाम, दहेज प्रतिषेध अधिनियम, लैंगिक अपराधों से बालकों का संरक्षण अधिनियम (पॉक्सो), 2012 तथा लैंगिक समानता विषय पर जागरूकता सह प्रशिक्षण कार्यक्रम आयोजित किया गया।
कार्यक्रम में छात्र-छात्राओं को बाल विवाह प्रतिषेध अधिनियम, 2006 के प्रमुख प्रावधानों की जानकारी देने के साथ बाल विवाह प्रतिषेध अधिकारियों एवं दहेज प्रतिषेध अधिकारियों की भूमिका और जिम्मेदारियों से अवगत कराया गया। इसके अलावा बच्चों की सुरक्षा से संबंधित पॉक्सो ई-बॉक्स तथा चाइल्ड हेल्पलाइन नंबर 1098 के बारे में जानकारी देकर जरूरत पड़ने पर सहायता प्राप्त करने के तरीकों को समझाया गया।
#JansamparkMP
#CMMadhyaPradesh
#DrMohanYadav51
#udaypratapmp
#jbpcommissioner
#katni
#कटनी
Katni, Madhya Pradesh | Oct 12, 2026