जर्जर रास्तों और नाली निर्माण की मांग, ग्रामीणों ने जिलाधिकारी से लगाई गुहार
रिपोर्ट फतेहपुर जिला ब्यूरो
अजय श्रीवास्तव
फतेहपुर। सदर तहसील क्षेत्र के ग्राम पंचायत दल्लीपुर (छिटना की कुरिया) मजरे रारा चांदपुर निवासी ग्रामीणों ने गांव की जर्जर सड़कों, संपर्क मार्गों और नाली निर्माण की समस्या को लेकर जिलाधिकारी को शिकायती पत्र सौंपकर कार्रवाई की मांग की है। ग्रामीणों का कहना है कि लंबे समय से समस्या बनी होने के बावजूद कई बार शिकायत करने के बाद भी समाधान नहीं कराया गया।
शिकायती पत्र में क्षेत्र पंचायत सदस्य रवि करण ने बताया कि गांव में करीब 20 परिवार निवास करते हैं। गांव आने-जाने के अधिकांश मार्ग कच्चे हैं। कई मार्ग वर्षों से मनरेगा के तहत बनाए गए थे, लेकिन वर्तमान में पूरी तरह जर्जर होकर गड्ढों में तब्दील हो चुके हैं। ग्रामीणों के अनुसार बारिश के दौरान इन रास्तों पर जलभराव और कीचड़ की स्थिति बन जाती है, जिससे आवागमन मुश्किल हो जाता है।
ग्रामीणों ने बताया कि बच्चों को विद्यालय जाने, बुजुर्गों और मरीजों को अस्पताल पहुंचाने में काफी परेशानी होती है। आपात स्थिति में मरीजों को अस्पताल ले जाने में भी दिक्कत का सामना करना पड़ता है। शिकायती पत्र में आरोप लगाया गया कि गांव में कई स्थानों पर जल निकासी की उचित व्यवस्था नहीं है, जिससे बारिश के समय समस्या और बढ़ जाती है।
ग्रामीणों के मुताबिक इस संबंध में ग्राम पंचायत अधिकारी, ग्राम प्रधान, खंड विकास अधिकारी और विकासखंड स्तर के अधिकारियों को कई बार मौखिक व लिखित रूप से अवगत कराया जा चुका है, लेकिन अभी तक समस्या का स्थायी समाधान नहीं हुआ।
ग्रामीणों ने जिलाधिकारी से मांग की है कि मौके का स्थलीय निरीक्षण कराकर जर्जर मार्गों की खड़ंजा/इंटरलॉकिंग एवं सड़क निर्माण के साथ दोनों ओर नाली निर्माण कराया जाए। साथ ही संबंधित ग्राम पंचायत और विकासखंड अधिकारियों को आवश्यक कार्रवाई के निर्देश दिए जाएं। ग्रामीणों ने कहा कि जल्द काम शुरू होने से करीब 20 परिवारों को आवागमन में राहत मिलेगी।
Fatehpur, Fatehpur | Sep 29, 2026