मऊ में ग्राम प्रहरियों का मासिक मानदेय 2500 रुपये से बढ़ाकर 3500 रुपये कर दिया गया है। मानदेय में एक हजार रुपये की वृद्धि के बाद पुलिस लाइन मऊ में ग्राम प्रहरियों के सम्मान में कार्यक्रम आयोजित किया गया। इस दौरान अपर पुलिस महानिदेशक वाराणसी जोन नवीन अरोड़ा, डीआईजी आजमगढ़ परिक्षेत्र सुनील कुमार सिंह और पुलिस अधीक्षक सर्वेश कुमार मिश्रा ग्राम प्रहरियों के साथ वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के जरिए मुख्यमंत्री के कार्यक्रम में शामिल हुए। अपर पुलिस महानिदेशक ने ग्राम प्रहरियों को संबोधित करते हुए गांवों में संदिग्ध गतिविधियों पर नजर रखने और अपराध व कानून-व्यवस्था से जुड़ी महत्वपूर्ण सूचनाएं तत्काल पुलिस तक पहुंचाने के निर्देश दिए। अधिकारियों ने कहा कि ग्राम प्रहरी ग्रामीण क्षेत्रों में पुलिस और आमजन के बीच महत्वपूर्ण कड़ी हैं। इस पहल का उद्देश्य ग्राम प्रहरियों का मनोबल बढ़ाना और ग्रामीण क्षेत्रों में सुरक्षा व्यवस्था को मजबूत करना है।