न्यू मेडिकल हॉस्पिटल में जेबकतरी, भीड़ का फायदा उठाकर मरीज और अटेंडर की जेब साफ
कोटा। न्यू मेडिकल हॉस्पिटल में मरीजों की भीड़ के बीच जेबकतरों ने एक मरीज और एक अटेंडर को निशाना बना लिया। दोनों की जेब से रुपए चोरी किए गए। वारदात का पता लगने पर लोगों ने पीछा कर दोनों संदिग्धों को पकड़ लिया और पुलिस के हवाले कर दिया।
केशवराय पाटन निवासी ओमप्रकाश हड्डी की समस्या को लेकर न्यू मेडिकल हॉस्पिटल में डॉक्टर को दिखाने पहुंचे थे। सुबह ओपीडी में लंबी लाइन लगी थी। ओमप्रकाश लाइन में खड़े थे और उनके पीछे एक युवक खड़ा था। इसी दौरान आरोपी ने मौका देखकर उनकी पेंट की जेब से पर्स निकाल लिया।
कुछ देर बाद पर्स गायब होने का पता चला तो ओमप्रकाश ने पीछे खड़े युवक को तलाशना शुरू किया। युवक भागकर बाथरूम में घुस गया और अंदर से खुद को बंद कर लिया। लोगों ने पीछा कर उसे पकड़ लिया।
इसी दौरान सामने आया कि एक अन्य मरीज/अटेंडर की जेब से भी रुपए चोरी किए गए हैं। लोगों ने दोनों आरोपियों को पकड़कर पुलिस के हवाले कर दिया।
पुलिस के अनुसार, दोनों आरोपी नशे के आदी बताए जा रहे हैं और पहले भी चोरी के मामलों में पकड़े जा चुके हैं। पुलिस दोनों से पूछताछ कर रही है और अस्पताल में हुई अन्य वारदातों के संबंध में भी जानकारी जुटाई जा रही है।
Ladpura, Kota | Aug 22, 2026