सावन माह में नौगढ़ में एक माह तक चलेगा अखंड सीताराम नाम संकीर्तन, 30 अगस्त को होगा विशाल भंडारा
सिंगरौली। सावन माह के पावन अवसर पर नगर निगम के वार्ड क्रमांक-45 नौगढ़ में शिव समिति के तत्वावधान में एक माह तक प्रतिदिन सीताराम नाम अखंड कीर्तन का आयोजन किया जा रहा है। धार्मिक आयोजन को लेकर क्षेत्र के श्रद्धालुओं में उत्साह का माहौल है।
कार्यक्रम के तहत 29 जुलाई 2026 को भव्य कलश यात्रा के साथ आयोजन का शुभारंभ किया गया। इसके बाद 30 जुलाई से अखंड कीर्तन प्रारंभ हुआ, जो 28 अगस्त तक लगातार चलेगा। आयोजन का समापन 30 अगस्त 2026 को अखंड कीर्तन पूर्णाहुति एवं विशाल भंडारे के साथ किया जाएगा।
शिव समिति वार्ड क्रमांक-45 नौगढ़ एवं स्थानीय ग्रामवासियों के सहयोग से आयोजित इस धार्मिक कार्यक्रम में प्रतिदिन बड़ी संख्या में श्रद्धालु पहुंचकर भजन-कीर्तन में शामिल हो रहे हैं। आयोजकों ने क्षेत्र के सभी धर्मप्रेमी नागरिकों से कार्यक्रम में अधिक से अधिक संख्या में शामिल होकर पुण्य लाभ अर्जित करने की अपील की है।
आयोजकों का कहना है कि सावन माह में भगवान शिव एवं श्रीराम नाम संकीर्तन का यह आयोजन क्षेत्र में धार्मिक, सामाजिक और सांस्कृतिक वातावरण को मजबूत करने का माध्यम बनेगा। समापन अवसर पर विशाल भंडारे का भी आयोजन किया जाएगा, जिसमें सभी श्रद्धालुओं के लिए प्रसाद की व्यवस्था रहेगी।