पांवटा साहिब। यमुना शरद महोत्सव के उपलक्ष्य में तारूवाला स्कूल में फुटबॉल मैचों का आयोजन किया गया। प्रतियोगिता में जिला सिरमौर की विभिन्न टीमों ने भाग लेकर अपनी खेल प्रतिभा का प्रदर्शन किया। मैदान में खिलाड़ियों ने पूरे उत्साह और जोश के साथ मुकाबलों में हिस्सा लिया।
इस अवसर पर सरदार गुरदीप सिंह मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित रहे। उन्होंने खिलाड़ियों का उत्साहवर्धन करते हुए कहा कि खेल युवाओं के शारीरिक और मानसिक विकास में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं। खेलों से अनुशासन, टीम भावना और आपसी भाईचारे की भावना मजबूत होती है।
उन्होंने बच्चों और युवाओं को पढ़ाई के साथ-साथ खेल गतिविधियों में भी बढ़-चढ़कर भाग लेने के लिए प्रेरित किया। साथ ही युवाओं को नशे जैसी बुराइयों से दूर रहकर अपनी ऊर्जा सकारात्मक कार्यों में लगाने का संदेश दिया।
यमुना शरद महोत्सव के तहत आयोजित इस तरह की खेल गतिविधियां स्थानीय प्रतिभाओं को मंच देने और युवाओं में खेलों के प्रति रुचि बढ़ाने में महत्वपूर्ण साबित हो रही हैं।
इसके साथ ही HDFC बैंक पांवटा शाखा के प्रबंधक स्पेशल मैच के दौरान मुख्य अतिथि के रूप मैं उपस्थित हुए तथा बच्चों को टी शर्ट गिफ्ट की।
Himachal Pradesh, India | Oct 23, 2026