नवादा में निगरानी विभाग ने एक बार फिर बड़ी कार्रवाई करते हुए सदर अंचल कार्यालय के राजस्व कर्मी सुजीत कुमार को 15 हजार रुपये रिश्वत लेते रंगेहाथ गिरफ्तार किया है। बताया जाता है कि शंकर पासवान की जमीन के परिमार्जन (सुधार) से संबंधित कार्य कराने के एवज में राजस्व कर्मी द्वारा रिश्वत की मांग की गई थी। शिकायत मिलने के बाद निगरानी विभाग की टीम ने जाल बिछाकर कार्रवाई की और आरोपी कर्मी को घूस की राशि के साथ धर दबोचा। निगरानी डीएसपी नरेंद्र कुमार ने गिरफ्तारी की पुष्टि करते हुए बताया कि आरोपी से पूछताछ की जा रही है तथा आगे की कानूनी कार्रवाई जारी है।