एसआईआर की प्रक्रिया अंतिम चरण में, 15 सितंबर को प्रकाशित होगी अंतिम मतदाता सूची
रुद्रप्रयाग। जिले में विशेष गहन पुनरीक्षण (एसआईआर) की प्रक्रिया निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार आगे बढ़ रही है। दावे और आपत्तियों की सुनवाई 11 सितंबर तक होगी, जबकि अंतिम निर्वाचक नामावली का प्रकाशन 15 सितंबर को किया जाएगा। जिलाधिकारी विशाल मिश्रा ने बृहस्पतिवार को अगस्त्यमुनि में आयोजित प्रेस वार्ता में यह जानकारी दी। उन्होंने बताया कि केदारनाथ और रुद्रप्रयाग विधानसभा क्षेत्रों में एसआईआर के तहत कुल 45,734 नोटिस जारी किए गए थे। सभी नोटिस वितरित किए जा चुके हैं और सुनवाई की प्रक्रिया भी पूरी हो गई है। इनमें 42,461 नोटिस विसंगतियों तथा 3,273 नो-मैपिंग से संबंधित थे। जांच और सत्यापन के बाद 101 मतदाता अपात्र पाए गए, जबकि 45,633 नाम अंतिम प्रकाशन के लिए शामिल किए गए हैं।