*अवैध हथियार (देसी कट्टा) के साथ पश्चिम बंगाल निवासी काबू*
*5 हजार रुपये में खरीदा था देसी कट्टा, हथियार सप्लायर की तलाश में जुटी पुलिस*
पंचकूला/कमल कलसी
पंचकूला पुलिस का अपराधियों पर शिकंजा लगातार कसता जा रहा है। पुलिस कमिश्नर आईपीएस पंकज नैन के नेतृत्व में जिले में अवैध हथियार रखने वालों और अपराधियों के खिलाफ विशेष अभियान चलाया जा रहा है। इसी अभियान के तहत क्राइम ब्रांच सेक्टर-19 की टीम ने एक व्यक्ति को अवैध देसी कट्टे के साथ गिरफ्तार कर बड़ी सफलता हासिल की है। प्रारंभिक पूछताछ में आरोपी ने खुलासा किया है कि उसने यह हथियार 5 हजार रुपये में खरीदा था। पुलिस अब हथियार सप्लायर की गिरफ्तारी के लिए लगातार दबिश दे रही है।
गिरफ्तार आरोपी की पहचान फिरदोष आलम (41 वर्ष) निवासी जिला उत्तर दिनाजपुर, पश्चिम बंगाल तथा वर्तमान निवासी मोहाली के रूप में हुई है। आरोपी के खिलाफ थाना सेक्टर-14 पंचकूला में आर्म्स एक्ट के तहत मामला दर्ज किया गया है।
डीसीपी क्राइम एंड ट्रैफिक अमरिंदर सिंह के अनुसार क्राइम ब्रांच सेक्टर-19 की टीम को सूचना मिली थी कि एक व्यक्ति अवैध हथियार लेकर सेक्टर-15 स्थित खाली मैदान में खड़ा है। सूचना को गंभीरता से लेते हुए इंचार्ज प्रवीण मलिक की अगुवाई में टीम तुरंत मौके पर पहुंची और बताए गए हुलिए के आधार पर आरोपी को घेरकर काबू कर लिया।आरोपी की तलाशी ली तो उसकी जेब से एक अवैध देसी कट्टा बरामद हुआ। पूछताछ के दौरान आरोपी ने खुलासा किया कि उसने यह देसी कट्टा 5 हजार रुपये में खरीदा था। पुलिस अब फरार हथियार सप्लायर की गिरफ्तारी के लिए लगातार प्रयास कर रही है। आरोपी को आज अदालत में पेश किया गया, जहां से उसे न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया।
पंचकूला पुलिस कमिश्नर आईपीएस पंकज नैन ने स्पष्ट किया है कि जिले में अवैध हथियार रखने, बेचने अथवा अपराधियों को हथियार उपलब्ध कराने वालों के खिलाफ भविष्य में भी इसी प्रकार सख्त कार्रवाई जारी रहेगी।