✅ उत्साहपूर्वक मनाया गया नमो युवा शक्ति कार्यक्रम
मध्यप्रदेश राज्य ग्रामीण आजीविका मिशन, जिला पंचायत हरदा के अंतर्गत स्वयं सहायता समूहों की महिलाओं एवं उनके परिवारों के युवाओं द्वारा जिला पंचायत परिसर में नमो युवा शक्ति कार्यक्रम उत्साहपूर्वक मनाया गया।
कार्यक्रम में स्वयं सहायता समूह की महिलाओं ने समूह से जुड़कर अपने आर्थिक एवं सामाजिक सशक्तीकरण की सफलता की कहानियां साझा कीं। वहीं युवाओं ने कौशल उन्नयन कार्यक्रम के माध्यम से स्थायी आजीविका प्राप्त करने के अपने अनुभव बताए। छीरपुरा की महिलाओं द्वारा आदिवासी लोकगीतों की मनमोहक प्रस्तुति दी गई।
इस अवसर पर समूह की महिलाओं द्वारा पौष्टिक व्यंजनों की प्रदर्शनी लगाई गई। महिलाओं ने रंगोली, कुर्सी दौड़, चम्मच दौड़ एवं वॉलीबॉल प्रतियोगिताओं में उत्साहपूर्वक भाग लिया। ग्राम खात्माखेड़ा, आम्बा एवं गोमगांव के युवाओं ने क्रिकेट प्रतियोगिता में सहभागिता की। विभिन्न प्रतियोगिताओं में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाली महिलाओं को प्रशस्ति-पत्र प्रदान किए गए, जबकि खात्माखेड़ा की क्रिकेट टीम को विजेता पुरस्कार से सम्मानित किया गया।
कार्यक्रम में जिला पंचायत अध्यक्ष श्री गजेंद्र शाह ने कहा कि देश के विकास में महिलाओं की भागीदारी और युवा शक्ति की ऊर्जा अत्यंत महत्वपूर्ण है। जिला पंचायत उपाध्यक्ष श्री दर्शन सिंह गहलोत ने कहा कि हमारी संस्कृति में महिलाओं का महत्वपूर्ण स्थान है और महिला सशक्तीकरण से समाज एवं राष्ट्र की प्रगति को नई दिशा मिलती है।
कार्यक्रम में जिला पंचायत सदस्य श्री ललित पटेल, श्री कमलेश सेजकर सहित अन्य जनप्रतिनिधि, प्रभारी मुख्य कार्यपालन अधिकारी जिला पंचायत श्री प्रवीण कुमार इवने एवं जिला परियोजना प्रबंधक श्री रामनिवास कालेश्वर उपस्थित रहे।
Jansampark Madhya Pradesh Mpsrlm
#NamoYuvaShakti #NRLM #WomenEmpowerment #Harda
1 views | Harda, Madhya Pradesh | Sep 18, 2026