डेहरी नगर परिषद के ईओ विमल कुमार हत्याकांड में बड़ा खुलासा, ड्राइवर पर हत्या का आरोप
रोहतास के डेहरी नगर परिषद के कार्यपालक पदाधिकारी (ईओ) विमल कुमार हत्याकांड में पुलिस ने बड़ा खुलासा किया है। घटनास्थल पर पहुंचे मगध रेंज के आईजी विकास वैभव ने बताया कि यह सड़क दुर्घटना नहीं, बल्कि सुनियोजित हत्या का मामला है। उनके अनुसार, शनिवार रात पटना जाने के दौरान ईओ और उनके चालक मिथलेश के बीच विवाद हुआ। इसके बाद चालक ने वाहन रोककर लोहे की रॉड से पीछे से हमला कर उनकी हत्या कर दी और घटना को हादसा दिखाने के लिए गाड़ी को नहर में उतार दिया।
आईजी ने बताया कि हत्या में प्रयुक्त लोहे की रॉड को नहर में फेंक दिया गया है, जिसकी बरामदगी के लिए गोताखोरों की मदद ली जा रही है। एफएसएल टीम ने घटनास्थल से खून के नमूने और अन्य साक्ष्य जुटाए हैं।
मृतक की पत्नी बबीता ने भी बताया कि छह महीने पहले उनके पति ने चालक मिथलेश को उसकी हरकतों के कारण हटा दिया था, लेकिन उनके आग्रह पर दोबारा नौकरी पर रखा गया था। पुलिस ने चालक को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी है। वहीं, पहले लगाए गए अन्य आरोपों की भी जांच जारी है।#RafiganjNews #Aurangabad #Dehri #Rohtas #CrimeNews
Rafiganj, Aurangabad | Aug 2, 2026