केंद्रीय मंत्री सावित्री ठाकुर, कलेक्टर एवं एसपी ने डही में हेलीपैड एवं कार्यक्रम स्थल का किया निरीक्षण
प्रचार-प्रसार वाहन को हरी झंडी दिखाकर किया रवाना
धार, 11 नवंबर 2026। आगामी 15 नवंबर को कुक्षी के डही में आयोजित होने वाले जनजातीय गौरव दिवस के राज्य स्तरीय समारोह एवं डही माइक्रो सिंचाई परियोजना के भव्य लोकार्पण कार्यक्रम की तैयारियों के संबंध में केंद्रीय मंत्री श्रीमती सावित्री ठाकुर, कलेक्टर श्री राजीव रंजन मीना एवं पुलिस अधीक्षक श्री सचिन शर्मा ने जिला प्रशासन के वरिष्ठ अधिकारियों के साथ हेलीपैड एवं कार्यक्रम स्थल का निरीक्षण किया। इस दौरान आयोजन की रूपरेखा पर विस्तृत चर्चा कर आवश्यक व्यवस्थाओं के संबंध में अधिकारियों को दिशा-निर्देश दिए।
निरीक्षण के दौरान मंच, पाण्डाल, सुरक्षा, बैरिकेडिंग, यातायात, विद्युत, पेयजल एवं अन्य आवश्यक व्यवस्थाओं के संबंध में संबंधित अधिकारियों को आवश्यक निर्देश दिए। इस अवसर पर केंद्रीय मंत्री श्रीमती सावित्री ठाकुर ने जनजातीय गौरव दिवस एवं लोकार्पण कार्यक्रम के व्यापक प्रचार-प्रसार के लिए प्रचार-प्रसार वाहन को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया।
उल्लेखनीय है कि राज्य स्तरीय कार्यक्रम में राज्यपाल श्री मंगुभाई पटेल एवं मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव शामिल होंगे। कलेक्टर ने सभी संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिए कि आयोजन की समस्त तैयारियां समय-सीमा में पूर्ण करते हुए व्यवस्थाएं चाक-चौबंद सुनिश्चित करें।
Jansampark Madhya Pradesh
CM Madhya Pradesh
Dhar, Madhya Pradesh | Nov 11, 2026