बड़ा हादसा–: पौड़ी देवप्रयाग मार्ग पर बड़े हादसे में पांच की मौत!!
खबर सार:देवप्रयाग। पौड़ी-देवप्रयाग मोटर मार्ग पर शुक्रवार को एक दर्दनाक सड़क दुर्घटना में पांच लोगों की जान चली गई, जबकि एक मासूम गंभीर रूप से घायल हो गया। बताया जा रहा है कि हरिद्वार से पौड़ी की ओर जा रही एक कार कुंडाधार के पास अनियंत्रित होकर गहरी खाई में गिर गई।
हादसे की सूचना मिलते ही क्षेत्र में अफरा-तफरी मच गई। आसपास मौजूद ग्रामीण तुरंत मौके पर पहुंचे और राहत कार्य शुरू करते हुए पुलिस व प्रशासन को घटना की जानकारी दी।
प्रारंभिक जानकारी के मुताबिक कार में छह से सात लोग सवार थे। अब तक पांच लोगों के शव बरामद किए जा चुके हैं, जबकि गंभीर रूप से घायल बच्चे को उपचार के लिए अस्पताल भेजा गया है। आशंका जताई जा रही है कि वाहन में अन्य लोग भी हो सकते हैं। इसी को देखते हुए एसडीआरएफ और पुलिस की टीमें खाई में सर्च एवं रेस्क्यू अभियान चला रही हैं।
सूचना मिलने के बाद पुलिस, एसडीआरएफ और अन्य बचाव दल मौके पर पहुंचे और राहत एवं बचाव कार्य तेज कर दिया। फिलहाल दुर्घटना के कारण स्पष्ट नहीं हो सके हैं। पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है और मृतकों की पहचान के साथ अन्य आवश्यक जानकारी जुटाई जा रही है।