लापुंग के हुलसु पंचायत में कुएं में गिरा जंगली हाथी, ग्रामीणों और वन विभाग की तत्परता से सुरक्षित निकाला गया
रांची लापुंग प्रखंड के हुलसु पंचायत अंतर्गत मंगरा टोली में शनिवार देर रात एक हैरान कर देने वाली घटना सामने आई, जब एक जंगली हाथी जंगल के समीप स्थित एक कुएं में गिर गया। घटना रात करीब साढ़े बारह बजे की बताई जा रही है, जिससे पूरे इलाके में अफरा-तफरी का माहौल बन गया।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, हाथी भोजन की तलाश में जंगल से निकलकर गांव की ओर आ गया था। इसी दौरान अंधेरे में उसे कुएं का अंदाजा नहीं हुआ और वह सीधे उसमें जा गिरा। हाथी के गिरने की आवाज सुनकर आसपास के ग्रामीण मौके पर पहुंचे और तुरंत इसकी सूचना वन विभाग को दी।
सूचना मिलते ही रेंजर के निर्देश पर वन विभाग की टीम बिना देर किए घटनास्थल पर पहुंची और राहत एवं बचाव कार्य शुरू किया गया। इस दौरान पंचायत प्रतिनिधियों, स्थानीय ग्रामीणों ने भी बढ़-चढ़कर सहयोग किया। हाथी को सुरक्षित बाहर निकालने के लिए जेसीबी मशीन की मदद ली गई और काफी मशक्कत के बाद सुबह करीब चार बजे हाथी को कुएं से बाहर निकाल लिया गया।
बचाव कार्य के दौरान पूरे इलाके में लोगों की भीड़ जमा रही, लेकिन वन विभाग की टीम ने सावधानी बरतते हुए स्थिति को नियंत्रित रखा। हाथी को बाहर निकालने के बाद उसे सुरक्षित तरीके से जंगल की ओर भगा दिया गया, जिससे किसी प्रकार की जनहानि नहीं हुई।
इस रेस्क्यू ऑपरेशन में वन विभाग के वनरक्षी सुभाष चंद्र प्रमाणिक, इंदरजीत कुमार, राहुल महली, रविशंकर महली, दीपक लकड़ा, रामकिशोर सिंह, संजय भगत और रवि सहित कई कर्मियों ने अहम भूमिका निभाई। उनकी तत्परता और टीम वर्क के कारण एक बड़ी घटना टल गई।
ग्रामीणों ने वन विभाग की इस त्वरित कार्रवाई की सराहना की है। साथ ही, उन्होंने प्रशासन से मांग की है कि जंगल से सटे इलाकों में इस तरह की घटनाओं को रोकने के लिए आवश्यक कदम उठाए जाएं, ताकि भविष्य में किसी भी प्रकार की दुर्घटना या नुकसान से बचा जा सके।
इस घटना के बाद क्षेत्र में चर्चा का विषय बना हुआ है और लोग वन्य जीवों की सुरक्षा के साथ-साथ अपनी सुरक्षा को लेकर भी सजग नजर आ रहे हैं।
Namkum, Ranchi | Aug 2, 2026