सरकार ने पेंशनर्स से किया वादा नहीं निभाया, 8 अगस्त को शाहपुर में बनेगी आंदोलन की रणनीति
टुटू ब्लॉक पेंशनर्स वेलफेयर एसोसिएशन की त्रैमासिक बैठक में लंबित मांगों पर जताई नाराजगी, साइबर अपराध से बचाव को लेकर भी किया जागरूक
शिमला, 5 अगस्त। पेंशनर्स वेलफेयर एसोसिएशन ब्लॉक टुटू, जिला शिमला की त्रैमासिक बैठक बुधवार को लक्ष्मी नारायण मंदिर परिसर में आयोजित हुई। बैठक की अध्यक्षता ब्लॉक अध्यक्ष सत्य प्रकाश शर्मा ने की। बैठक की शुरुआत हाल ही में दिवंगत हुए पेंशनर्स को दो मिनट का मौन रखकर श्रद्धांजलि देने के साथ हुई।
बैठक में हिमाचल प्रदेश संयुक्त संघर्ष समिति के अतिरिक्त महासचिव भूप राम वर्मा मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुए। महासचिव योग राज शर्मा ने बैठक का एजेंडा प्रस्तुत किया। वहीं, हेल्प एज ग्रुप के प्रभारी रणजीत राठौर ने साइबर अपराधों और मोबाइल के माध्यम से हो रही ऑनलाइन ठगी के बारे में वरिष्ठ नागरिकों को जागरूक किया। उन्होंने कहा कि किसी भी संदिग्ध कॉल या संदेश से घबराने के बजाय सतर्क रहना और उसकी पुष्टि करना जरूरी है।
अपने संबोधन में भूप राम वर्मा ने कहा कि संयुक्त संघर्ष समिति के साथ हुई बैठक में मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू ने 1 जनवरी 2016 से 31 जुलाई 2024 के बीच सेवानिवृत्त हुए पेंशनर्स को 40 प्रतिशत लीव इनकैशमेंट और ग्रेच्युटी से संबंधित अधिसूचना जारी करने का आश्वासन दिया था, लेकिन सरकार अब तक इसे पूरा नहीं कर सकी है।
उन्होंने कहा कि 8 अगस्त को जिला कांगड़ा के शाहपुर में हिमाचल प्रदेश संयुक्त संघर्ष समिति का सम्मेलन आयोजित होगा, जिसमें प्रदेशभर के पेंशनर्स आगे की रणनीति तय करेंगे। उन्होंने बताया कि इससे पहले धर्मशाला और शिमला के चौड़ा मैदान में भी आक्रोश रैलियों का सफल आयोजन किया जा चुका है। यदि लंबित मांगों का समाधान नहीं हुआ तो प्रदेशभर में पेंशनर्स 15 प्रतिशत डीए, कम्यूटेशन, लीव इनकैशमेंट और ग्रेच्युटी के भुगतान की मांग को लेकर धरना-प्रदर्शन करेंगे।
बैठक में मीडिया प्रभारी सैन राम नेगी, वरिष्ठ सलाहकार राजेश भंडारी, वरिष्ठ उपाध्यक्ष बाल कृष्ण वर्मा, उपाध्यक्ष मस्त राम पंवार, वरिष्ठ नागरिक टुटू के प्रधान कैलाश अग्रवाल, सचिव जगदेव गर्ग सहित अनेक पेंशनर्स उपस्थित रहे।