बोधगया में जमीन विवाद ने पकड़ा तूल: द्वितीय अपील की सुनवाई से पीड़ित असंतुष्ट, प्रशासन पर जांच में पक्षपात का आरोप, जिलाधिकारी से गुहार
गया: बोधगया अंचल के मौजा बारा सहदेव खाप में जमीन विवाद को लेकर प्रशासनिक कार्रवाई और लोक शिकायत निवारण की द्वितीय अपील की सुनवाई के बाद मामला एक बार फिर गरमा गया है। बारा गांव निवासी राजेश सिन्हा ने सुनवाई के निर्णय पर असंतोष जताते हुए जिला प्रशासन पर मामले की निष्पक्ष जांच नहीं करने का आरोप लगाया है। जिलाधिकारी के व्यस्त रहने के कारण द्वितीय अपील की सुनवाई एडीएम द्वारा की गई।
पीड़ित राजेश सिन्हा ने बताया की बोधगया मौजा बारा में उनकी 12.5 डिसमिल जमीन है, जिसकी खाता संख्या 98 और प्लॉट संख्या 1471 है। उनका आरोप है कि मटिहानी गांव निवासी इंद्रदेव यादव और उनके परिजनों की इस जमीन पर कथित तौर पर नजर है। पीड़ित का दावा है कि फर्जी कागजात के माध्यम से सरकारी भू-अभिलेखों में हेरफेर कर जमीन पर कब्जा किया गया। पीड़ित राजेश सिन्हा ने बताया कि जिला पदाधिकारी के आदेश के आलोक में 23 अगस्त को अंचलाधिकारी द्वारा अमीन को भेजकर पुलिस बल की निगरानी में जमीन की मापी कराई गई थी।
हालांकि, उनके मुताबिक मापी के बाद सीमांकन के लिए पिलर लगाने के बजाय केवल चूना से निशान लगाया गया। आरोप है कि पुलिस बल के वहां से जाने के बाद दबंगों ने उक्त निशान को मिटा दिया। पीड़ित राजेश सिन्हा ने दावा किया कि बिहार मानवाधिकार आयोग के हस्तक्षेप के बाद भू-अभिलेख में कथित हेरफेर को सुधारते हुए उन्हें जमीन पर दखल-कब्जा दिलाया गया था, लेकिन बाद में दोबारा जमीन पर कब्जा कर लिया गया। उनका आरोप है कि प्रशासन मामले में अपेक्षित सख्ती नहीं बरत रहा है।
राजेश सिन्हा ने जिला पुलिस एवं प्रशासन से जमीन को कथित कब्जे से मुक्त कराने, मानवाधिकार आयोग के आदेश का अनुपालन सुनिश्चित करते हुए उन्हें पुनः दखल-कब्जा दिलाने तथा सरकारी कार्य में बाधा डालने वालों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की है। उन्होंने सरकारी भू-अभिलेखों में कथित फर्जीवाड़े और पूर्व सीओ बोधगया महेश कुमार व राजस्व कर्मचारी इन्द्रजीत कुमार के साथ कथित मारपीट एवं अभद्र व्यवहार की घटना में संलिप्त लोगों पर प्राथमिकी दर्ज करने की भी मांग उठाई। पीड़ित ने कहा कि यदि प्रशासनिक कर्मी भी सुरक्षित नहीं हैं तो आम जनता की सुरक्षा पर सवाल खड़ा होता है। उन्होंने भय के कारण अपनी जमीन पर जाने में असमर्थता जताई और कहा कि इसी स्थिति का फायदा दबंग तत्व उठा रहे हैं।
#गयाजी
#गया_हो
#GayaPolice
#LatestNews
#BiharPolice
#gayastation
#JitanRamManjhi
District Administration, GAYA
GAYA Police
Samrat Choudhary
Vikas Vaibhav, IPS
Jitan Ram Manjhi
Dr. Prem Kumar
Tejashwi Yadav
Bihar Police
Gaya Town CD Block, Gaya | Aug 27, 2026