राजधानी देहरादून में शुक्रवार रात रायपुर थाना क्षेत्र के रिंग रोड स्थित एक शराब के ठेके के बाहर दो पक्षों के बीच हुआ विवाद अचानक हिंसक हो गया। कहासुनी के दौरान हुई फायरिंग में दो युवक घायल हो गए। घटना के बाद इलाके में अफरा-तफरी मच गई। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और सुरक्षा के मद्देनजर शराब का ठेका निर्धारित समय से पहले बंद करा दिया। फिलहाल पुलिस फरार आरोपियों की तलाश में जुटी है।
जानकारी के मुताबिक, शुक्रवार रात करीब 9 बजे शराब के ठेके के बाहर कुछ युवकों के बीच किसी बात को लेकर बहस शुरू हुई, जो देखते ही देखते मारपीट और फिर फायरिंग तक पहुंच गई। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, आरोपियों ने देसी तमंचे से दो राउंड फायर किए, जिससे आसपास मौजूद लोगों में भगदड़ मच गई।
फायरिंग में 38 वर्षीय नवीन राणा के सीने में गोली का छर्रा लगने से वह घायल हो गए। उन्हें उपचार के लिए कैलाश अस्पताल में भर्ती कराया गया है। वहीं 25 वर्षीय कविंद्र शर्मा के पैर में गोली लगने पर उन्हें दून अस्पताल में भर्ती कराया गया। दोनों घायलों का इलाज जारी है और उनकी हालत फिलहाल स्थिर बताई जा रही है।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, वारदात को अंजाम देने के बाद आरोपी हवाई फायरिंग करते हुए मौके से फरार हो गए। सूचना मिलने पर रायपुर थाना पुलिस ने तत्काल घटनास्थल पर पहुंचकर इलाके की घेराबंदी की और जांच शुरू कर दी। पुलिस आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाल रही है तथा आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए संभावित ठिकानों पर दबिश दी जा रही है।
पुलिस अधिकारियों के मुताबिक, शुरुआती जांच में विवाद की वजह आपसी कहासुनी सामने आई है। मामले के सभी पहलुओं की जांच की जा रही है और आरोपियों की पहचान कर जल्द गिरफ्तारी का दावा किया गया है।