वैशाली तोमर हरियाणा राज्य महिला आयोग की सदस्य नियुक्त
- सरकार ने तत्काल प्रभाव से नियुक्ति के आदेश जारी किए
चंडीगढ़।
हरियाणा सरकार ने गुरुग्राम निवासी वैशाली तोमर को हरियाणा राज्य महिला आयोग का सदस्य नियुक्त किया है। महिला एवं बाल विकास विभाग की ओर से इस संबंध में 11 सितंबर 2026 को आदेश जारी किए गए हैं। नियुक्ति तत्काल प्रभाव से लागू होगी। आदेश में बताया गया है कि हरियाणा राज्य महिला आयोग अधिनियम, 2012 की धारा 3 की उपधारा 2(बी) के तहत राज्यपाल ने वैशाली तोमर को आयोग के सदस्य के रूप में नियुक्त किया है। उनके नियुक्ति संबंधी नियम एवं शर्तें मुख्य सचिव कार्यालय के राजनीतिक एवं संसदीय कार्य विभाग की ओर से 26 मई 2026 को जारी पत्र के अनुसार निर्धारित होंगी। महिला एवं बाल विकास विभाग के आयुक्त एवं सचिव शेखर विद्यार्थी, आईएएस की ओर से जारी आदेश की प्रतियां मुख्य सचिव, प्रधान महालेखाकार, सभी प्रशासनिक सचिवों, पुलिस महानिदेशक, महिला एवं बाल विकास विभाग के निदेशक सहित संबंधित अधिकारियों को आवश्यक कार्रवाई के लिए भेजी गई हैं।
Sirsa, Sirsa | Sep 17, 2026