ऑन ड्यूटी हार्ट अटैक से हेड कांस्टेबल की मौत, पुलिस सम्मान के साथ दी गई अंतिम विदाई
चित्रकूट। जनपद चित्रकूट के पहाड़ी कस्बे के मूल निवासी एवं उत्तर प्रदेश पुलिस के हेड कांस्टेबल गौरी शंकर शुक्ला (पुत्र स्व. शिव शंकर शुक्ला) का ड्यूटी के दौरान हार्ट अटैक आने से निधन हो गया। वह उत्तर प्रदेश के फर्रुखाबाद जनपद स्थित फतेहगढ़ पुलिस लाइन में तैनात थे।
बताया गया कि ड्यूटी के दौरान अचानक उनकी तबीयत बिगड़ गई, जिसके बाद हार्ट अटैक से उनका निधन हो गया। फर्रुखाबाद पुलिस लाइन में उन्हें पुलिस सम्मान (गार्ड ऑफ ऑनर) के साथ श्रद्धांजलि दी गई। इसके बाद उनका पार्थिव शरीर उनके पैतृक निवास पहाड़ी, चित्रकूट लाया गया।
पहाड़ी में भी उत्तर प्रदेश पुलिस ने गार्ड ऑफ ऑनर देकर उन्हें अंतिम विदाई दी। अंतिम संस्कार में परिजन, रिश्तेदार, पुलिस अधिकारी तथा सैकड़ों की संख्या में स्थानीय लोग मौजूद रहे। उनके बड़े भाई मणि शंकर शुक्ला ने मुखाग्नि दी।
गौरी शंकर शुक्ला की उत्तर प्रदेश पुलिस में नियुक्ति वर्ष 1994 बैच में हुई थी और उनका सेवानिवृत्ति वर्ष 2032 में प्रस्तावित था। उनके असामयिक निधन से परिवार, पुलिस विभाग और क्षेत्र में शोक की लहर है। उपस्थित लोगों ने दिवंगत आत्मा की शांति की प्रार्थना करते हुए शोक संतप्त परिवार के प्रति अपनी संवेदनाएं व्यक्त कीं।