तामेश्वरनाथ धाम के पर्यटन विकास को लेकर डीएम ने किया स्थलीय निरीक्षण
संतकबीरनगर। जनपद के पौराणिक एवं धार्मिक स्थल बाबा तामेश्वरनाथ धाम को पर्यटन की दृष्टि से विकसित कर कॉरिडोर के रूप में तैयार किए जाने की योजना को लेकर जिलाधिकारी अनुज मलिक ने मंदिर परिसर का स्थलीय निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने भगवान शिव का जलाभिषेक कर पूजा-अर्चना की और मंदिर परिसर, पोखरे सहित प्रस्तावित विकास कार्यों की जानकारी ली।
डीएम ने पर्यटन एवं राजस्व विभाग के अधिकारियों से कॉरिडोर के ले-आउट, नक्शे, भूमि की आवश्यकता, गाटों की संख्या, काश्तकारों तथा भूमि अधिग्रहण से संबंधित अब तक की प्रगति की जानकारी प्राप्त की। इसके बाद स्थानीय ग्राम प्रधान, काश्तकारों, गोसाईं जी, पुजारी एवं ग्रामीणों के साथ बैठक कर विभिन्न बिंदुओं पर चर्चा की।
जिलाधिकारी ने कहा कि तामेश्वरनाथ धाम का पर्यटन विकास स्थानीय लोगों के हितों को ध्यान में रखकर किया जाएगा। विकास योजना में स्थानीय काश्तकारों एवं प्रभावित लोगों के हितों को प्राथमिकता दी जाएगी तथा किसी भी व्यक्ति को अनावश्यक नुकसान न हो, इसका विशेष ध्यान रखा जाएगा।
उन्होंने मंदिर के पहुंच मार्ग पर निर्माणाधीन नाली का कार्य शीघ्र पूरा कराने और सड़क की मरम्मत कराने के निर्देश दिए। साथ ही निर्माणाधीन शौचालय का कार्य पूर्ण कराकर ग्राम पंचायत को हस्तांतरित करने को कहा। निरीक्षण के दौरान एडीएम सत्य प्रकाश सहित संबंधित अधिकारी मौजूद रहे।
Khalilabad, Sant Kabir Nagar | Oct 6, 2026