🔳हर घर तिरंगा अभियान के तहत डिहुटा ग्राम में निकाली गई भव्य तिरंगा यात्रा
🔳कटनी - “हर घर तिरंगा, घर-घर तिरंगा : स्वतंत्रता का उत्सव, स्वच्छता के संग” अभियान के तहत शासकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय डिहुटा एवं मध्यप्रदेश जन अभियान परिषद की नवांकुर संस्था संस्कार युवा सेवा समिति, बहोरीबंद के संयुक्त तत्वावधान में गुरुवार को डिहुटा ग्राम में भव्य तिरंगा यात्रा निकाली गई। अभियान के अंतर्गत 9 से 17 अगस्त तक जिलेभर में विभिन्न गतिविधियां आयोजित की जा रही हैं।
तिरंगा यात्रा में क्षेत्रीय विधायक श्री प्रणय प्रभात पांडेय, जिला पंचायत अध्यक्ष श्रीमती सुनीता मेहरा, जनप्रतिनिधियों, गणमान्य नागरिकों, समाजसेवियों, विभिन्न समितियों के पदाधिकारियों, शाला स्टाफ एवं छात्र-छात्राओं ने उत्साहपूर्वक सहभागिता की। हाथों में तिरंगा लेकर विद्यार्थियों एवं ग्रामीणों ने “भारत माता की जय” और “वंदे मातरम्” के जयघोष के साथ राष्ट्रभक्ति का संदेश दिया।
कार्यक्रम के दौरान शाला परिसर में विधायक श्री प्रणय प्रभात पांडेय ने हर घर तिरंगा अभियान के महत्व पर प्रकाश डालते हुए नागरिकों से स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर अपने-अपने घरों पर तिरंगा फहराने का आह्वान किया। इस अवसर पर उन्होंने विद्यार्थियों को साइकिलों का वितरण भी किया।
वहीं मध्यप्रदेश जन अभियान परिषद की नवांकुर संस्था के सहयोग से “एक पेड़ मां के नाम” अभियान के अंतर्गत पौधों का वितरण कर पर्यावरण संरक्षण का संदेश दिया गया। आयोजन के माध्यम से राष्ट्रप्रेम के साथ पर्यावरण संरक्षण के प्रति भी लोगों को जागरूक किया गया।
कार्यक्रम में ग्राम सरपंच श्रीमती नीलू संतोष लोधी, सहायक संचालक बीईओ श्री ज्ञानेंद्र कुलेश, बीआरसी श्री प्रशांत मिश्रा, श्री मनोज गर्ग, समाजसेवी श्री लोकेश व्यौहार, ब्लॉक समन्वयक श्री अरविन्द शाह, शाला प्राचार्य श्री एस.पी. दहायत, नवांकुर संस्था से श्री मनोज कुमार, श्री धनीराम लोधी, श्री रामसिंह पटेल एवं श्री रामेश्वर पटेल सहित शिक्षक-शिक्षिकाएं, शाला परिवार, छात्र-छात्राएं एवं बड़ी संख्या में ग्रामीणजन उपस्थित रहे।
तिरंगा यात्रा ने ग्राम में देशभक्ति का वातावरण निर्मित करते हुए नागरिकों को स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर राष्ट्रीय ध्वज के सम्मान और राष्ट्रप्रेम की भावना के साथ हर घर तिरंगा अभियान में सहभागी बनने का संदेश दिया।
#JansamparkMP
#CMMadhyaPradesh
#DrMohanYadav51
#udaypratapmp
#jbpcommissioner
#katni
#कटनी
42 views | Katni, Madhya Pradesh | Aug 13, 2026