मथुरा। नौहझील-शेरगढ़ रोड पर शुक्रवार को गंगाजल पाइपलाइन अचानक फट जाने से भारी मात्रा में पानी सड़क पर फैल गया। देखते ही देखते पूरा शेरगढ़ रोड जलमग्न हो गया और सड़क पर चारों ओर पानी ही पानी नजर आने लगा।
पाइपलाइन फटने के बाद करीब दो घंटे तक लगातार पानी बहता रहा, जिससे सड़क पर लंबा जाम लग गया। जलभराव के कारण राहगीरों, वाहन चालकों और स्थानीय लोगों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ा। कई वाहन पानी में फंस गए और यातायात बुरी तरह प्रभावित रहा।
स्थानीय लोगों का आरोप है कि घटना की सूचना दिए जाने के बावजूद करीब दो घंटे तक संबंधित विभाग का कोई अधिकारी या कर्मचारी मौके पर नहीं पहुंचा। समय रहते पाइपलाइन की मरम्मत नहीं होने से लाखों लीटर गंगाजल व्यर्थ बह गया।