वैशाली जिले में डबल मर्डर की वारदात से सनसनी फैल गई है। बिदुपुर थाना क्षेत्र के रजासो गांव में रास्ते के विवाद को लेकर पिता-पुत्र को गोली मार दी गई। इस घटना में पिता की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि छुट्टी पर घर आए आर्मी जवान बेटे ने अस्पताल में इलाज के दौरान दम तोड़ दिया।
मृतकों की पहचान मूनारिक राय और उनके पुत्र जितेंद्र कुमार के रूप में हुई है। बताया जा रहा है कि जितेंद्र कुमार भारतीय सेना में जवान थे और छुट्टी पर अपने घर आए हुए थे। इसी दौरान रास्ते को लेकर हुए विवाद में भतीजे ने कथित तौर पर दोनों पर ताबड़तोड़ गोलियां चला दीं।
गोली लगने से मूनारिक राय की घटनास्थल पर ही मौत हो गई, जबकि गंभीर रूप से घायल जितेंद्र कुमार को अस्पताल ले जाया गया, जहां इलाज के दौरान उनकी भी मृत्यु हो गई।
घटना के बाद पूरे इलाके में तनाव का माहौल है। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और मामले की जांच शुरू कर दी। पुलिस आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए छापेमारी कर रही है।