District Collector & Magistrate - Hanumangarh
कार्यालय जिला पुलिस, हनुमानगढ़ (राजस्थान)
संगरिया की आवाज़।
NEET (UG)-2026 परीक्षा के सफल एवं निष्पक्ष आयोजन हेतु जिला कलेक्टर एवं जिला पुलिस अधीक्षक ने किया परीक्षा केंद्रों का निरीक्षण; सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम
#हनुमानगढ़ | दिनांक: 17 जून 2026
आगामी 21 जून 2026 (रविवार) को जिला मुख्यालय पर आयोजित होने वाली NEET (UG)-2026 परीक्षा को पूर्णतः शांतिपूर्ण, पारदर्शी और नकलविहीन तरीके से संपन्न कराने हेतु जिला प्रशासन एवं जिला पुलिस द्वारा चाक-चौबंद व्यवस्थाएं सुनिश्चित की जा रही हैं।
इसी क्रम में आज डॉ. खुशाल यादव (जिला कलेक्टर, हनुमानगढ़) एवं श्री नरेंद्र सिंह मीना(जिला पुलिस अधीक्षक, हनुमानगढ़) द्वारा जिला मुख्यालय पर बनाए गए विभिन्न परीक्षा केंद्रों का धरातल पर जाकर बारीकी से निरीक्षण किया गया। अधिकारियों ने सुरक्षा व्यवस्थाओं, बैठक व्यवस्था, सीसीटीवी कैमरों और प्रवेश द्वारों पर फ्रिस्किंग (जांच) के इंतजामों का जायजा लिया एवं संबंधित केंद्र प्रभारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। निरीक्षण के दौरान श्री अरविंद (अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक, हनुमानगढ़) एवं थानाधिकारी, पुलिस थाना हनुमानगढ़ जंक्शन, थानाधिकारी पुलिस थाना हनुमानगढ़ टाउन भी पुलिस टीम के साथ मौजूद रहे।
परीक्षा के सुचारू व सफल संचालन हेतु अभ्यर्थियों एवं आमजन के लिए निम्नलिखित दिशा-निर्देश व विवरण जारी किए गए हैं:
#परीक्षा_विवरण:
दिनांक: 21 जून 2026 (दिन: रविवार)
समय: दोपहर 2:00 बजे से सायं 5:20 बजे तक (एक पारी)
#केंद्र_संख्या: जिला मुख्यालय (हनुमानगढ़ जंक्शन-टाउन) पर कुल 07 परीक्षा केंद्र बनाए गए हैं।
#कुल_परीक्षार्थी: इस परीक्षा में कुल 2,641 परीक्षार्थी भाग लेंगे।
#मुख्य_दिशा_निर्देश:
1. प्रवेश संबंधी अनिवार्य नियम:
सभी अभ्यर्थी अपने एडमिट कार्ड तथा राष्ट्रीय परीक्षा एजेंसी (NTA) द्वारा दिए गए रिपोर्टिंग समय के अनुसार ही अपने परीक्षा केंद्र पर पहुंचें। तय समय के बाद किसी भी सूरत में प्रवेश की अनुमति नहीं होगी।
प्रत्येक अभ्यर्थी को अपने साथ फोटो युक्त मूल पहचान पत्र (जैसे आधार कार्ड, पैन कार्ड आदि), निर्धारित प्रवेश-पत्र (Admit Card) तथा पासपोर्ट साइज फोटो लाना अनिवार्य है। बिना मूल पहचान पत्र के प्रवेश वर्जित रहेगा।
2. गहन सुरक्षा जांच (Frisking):
परीक्षा केंद्र के मुख्य द्वार पर प्रत्येक परीक्षार्थी की गहन तकनीकी एवं शारीरिक जांच (Frisking) की जाएगी।
किसी भी प्रकार के इलेक्ट्रॉनिक उपकरण (मोबाइल, ब्लूटूथ, स्मार्ट वॉच, ईयरफोन), पाठ्य सामग्री, कागज़ के टुकड़े या अन्य कोई भी निषिद्ध सामग्री परीक्षा केंद्र के भीतर ले जाना पूर्णतः प्रतिबंधित है।
3. सख्त कानूनी प्रावधान (अधिनियम 2022) एवं सावधानी:
परीक्षा में अनुचित साधनों के उपयोग या नकल की रोकथाम हेतु 'राजस्थान सार्वजनिक परीक्षा (अनुचित साधनों की रोकथाम के अध्युपाय) अधिनियम 2022' के तहत कठोरतम कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
भ्रामक प्रचार एवं नकल गिरोह से सावधान: परीक्षा के नाम पर पेपर दिलाने या अनुचित मदद करने का झांसा देने वाले ठगों से सावधान रहें। पुलिस की इन पर पैनी नजर है। किसी भी संदिग्ध गतिविधि की सूचना तुरंत कंट्रोल रूम या नजदीकी थाने में दें।
4. कानून, शांति एवं यातायात व्यवस्था:
परीक्षा केंद्रों के प्रवेश द्वार के बाहर अभ्यर्थियों के परिजनों या अन्य अनावश्यक व्यक्तियों का एकत्रित होना प्रतिबंधित रहेगा।
यातायात एवं पार्किंग: अभिभावकों से अनुरोध है कि वाहन निर्धारित पार्किंग स्थलों पर ही खड़े करें ताकि जाम की स्थिति न बने और परीक्षार्थियों को असुविधा न हो।
सुरक्षा हेतु तैनात उड़न-दस्तों (Flying Squads) द्वारा केंद्रों और स्ट्रोंग रूम की निरंतर निगरानी एवं वीडियोग्राफी सुनिश्चित की जाएगी।
हनुमानगढ़ पुलिस समस्त परीक्षार्थियों के उज्ज्वल भविष्य की कामना करती है।
मीडिया सेल,
जिला पुलिस, हनुमानगढ़
X (Twitter): @HmghPolice
Facebook: @Hanumangarh Police
Instagram: @hanumangarh_police
Police Control Room: 100 / 01552-261105 / 9530432468
संगरिया की आवाज़
Government of Rajasthan Rajasthan Police Hanumangarh Police Bikaner Police Ganganagar Police