बिलासपुर बिना हेलमेट पुलिसकर्मी चला रहा था हादसे वाली बाइक? महिला और बेटे को टक्कर मारने के मामले में उठे गंभीर सवाल
बिलासपुर। जंगल सुंगल क्षेत्र में तेज रफ्तार बाइक की टक्कर से महिला और उसके बेटे के घायल होने के मामले ने नया मोड़ ले लिया है। हादसे के बाद स्थानीय लोगों के बीच यह चर्चा तेज हो गई है कि जिस मोटरसाइकिल से महिला और उसके बेटे को टक्कर लगी, उसे बाद में एक पुलिसकर्मी बिना हेलमेट पहने थाने ले जाता हुआ दिखाई दिया। इस घटना को लेकर लोगों ने सवाल उठाने शुरू कर दिए हैं कि जब आम लोगों के लिए हेलमेट अनिवार्य है तो कानून लागू करवाने वालों को भी यातायात नियमों का पालन करना चाहिए।
गौरतलब है कि जंगल सुंगल क्षेत्र में ओल्ड एनएच के पास रात करीब 8 बजे एक तेज रफ्तार बाइक ने मंदिर से घर लौट रही महिला और उसके बेटे को टक्कर मार दी थी। हादसे में महिला के बाजू में चोटें आईं, जबकि उसके बेटे के सिर और मुंह पर गंभीर चोटें लगीं तथा उसके दांत भी टूट गए। दोनों घायलों को उपचार के लिए क्षेत्रीय अस्पताल बिलासपुर पहुंचाया गया।
अब हादसे के बाद बाइक को थाने ले जाने के दौरान पुलिसकर्मी के बिना हेलमेट होने की चर्चा ने मामले को और अधिक सुर्खियों में ला दिया है। स्थानीय लोगों का कहना है कि सड़क सुरक्षा नियम सभी के लिए समान होने चाहिए। वहीं पुलिस ने महिला की शिकायत के आधार पर मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। यदि बाइक को थाने ले जाते समय नियमों का उल्लंघन हुआ है तो इस पर भी सवाल उठना स्वाभाविक है।
#यूनिक_टुडे_न्यूज़ #UTHimachal #Bilaspur #RoadAccident #HelmetRule #TrafficRules #HimachalNews #BilaspurNews #RoadSafety #Police #UniqueTodayNews #netchat