एक माह में 31भैंस चोरी, कार्रवाई नहीं होने से ग्रामीणों में आक्रोश
एसपी कार्यालय पहुंचे दर्जनों ग्रामीण, नामजद आरोपियों पर कार्रवाई और भैंस बरामद करने की मांग
सिंगरौली। जिले में लगातार हो रही भैंस चोरी की घटनाओं से परेशान दर्जनों ग्रामीण सोमवार को पुलिस अधीक्षक कार्यालय पहुंचे और न्याय की गुहार लगाई। ग्रामीणों ने बताया कि पहले उन्होंने संबंधित चौकी में शिकायत दर्ज कराई, लेकिन कोई कार्रवाई नहीं हुई। इसके बाद वैढ़न कोतवाली में भी आवेदन दिया, फिर भी समस्या का समाधान नहीं हुआ। इससे नाराज होकर ग्रामीणों ने पुलिस अधीक्षक को लिखित ज्ञापन सौंपा।
ग्रामीणों का आरोप है कि एक माह के भीतर 31 भैंस चोरी हो चुकी हैं। शिकायत में जिन लोगों पर चोरी का संदेह है, उनके नाम और मोबाइल नंबर तक पुलिस को उपलब्ध कराए गए हैं, लेकिन अब तक किसी भी आरोपी के खिलाफ ठोस कार्रवाई नहीं की गई।
पीड़ित किसानों ने कहा कि भैंस ही उनकी रोजी-रोटी का प्रमुख साधन थी। भैंस चोरी होने से उनके सामने आर्थिक संकट खड़ा हो गया है। उन्होंने नए पुलिस अधीक्षक से निष्पक्ष जांच कर आरोपियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई करने तथा चोरी गई भैंसों की बरामदगी की मांग की।
ग्रामीणों ने कहा कि उन्हें नए पुलिस अधीक्षक से न्याय की उम्मीद है और विश्वास है कि उनकी भैंसें बरामद होंगी। उन्होंने चेतावनी दी कि यदि जल्द कार्रवाई नहीं हुई तो आगामी दिनों में सिंगरौली कलेक्टर को भी ज्ञापन सौंपेंगे। साथ ही सिंगरौली विधायक से भी मामले की जांच कर दोषियों के खिलाफ कार्रवाई कराने की मांग की है।