युवा खिलाड़ी नवनीत कौर के प्रदर्शन से युवा खिलाड़ी लें प्रेरणा: नवीन जिन्दल
सांसद नवीन जिन्दल ने एशियन गेम्स में स्वर्णिम सफलता के लिए नवनीत कौर को दी बधाई
सांसद नवीन जिन्दल ने मारकंडेश्वर हॉकी स्टेडियम में हॉकी के ढांचागत विकास के लिए लगभग 40 लाख रुपए के कार्य कराए शुरू
शाहाबाद(सीमन कुमार ) 3 अक्तूबर।
एशियन गेम्स में भारतीय महिला हॉकी टीम द्वारा चीन को हराकर 44 साल बाद ऐतिहासिक स्वर्ण पदक जीतने पर सांसद नवीन जिन्दल ने भारतीय हॉकी टीम और विशेष तौर पर शाहाबाद की बेटी और स्टार हॉकी खिलाड़ी नवनीत कौर को बधाई दी है।
सांसद नवीन जिन्दल ने अपने बधाई संदेश में कहा कि भारतीय हॉकी टीम ने जो उपलब्धि हासिल की है वह काबिले तारीफ है। हमारी बेटी नवनीत कौर ने पूरे टूर्नामेंट में शानदार खेल का प्रदर्शन किया है। नवनीत की यह उपलब्धि न केवल कुरुक्षेत्र और हरियाणा, बल्कि पूरे देश के लिए अत्यंत गर्व का विषय है।
सांसद नवीन जिन्दल ने जिले व प्रदेश के उभरते हुए हॉकी खिलाड़ियों से आह्वान किया कि वे नवनीत कौर के समर्पण, आत्मविश्वास और खेल भावना से प्रेरणा लें। यदि युवा खिलाड़ी कड़ी मेहनत और अनुशासन के साथ अभ्यास करें, तो वे भी अंतर्राष्ट्रीय स्तर पर देश और प्रदेश का नाम रोशन कर सकते हैं।
गौरतलब है कि कुछ दिन पहले ही सांसद नवीन जिन्दल ने शाहाबाद हॉकी स्टेडियम का दौरा किया था। इस दौरान उन्होंने खेल परिसर की मुख्य जरूरतों और सुविधाओं का जायजा लेते हुए अपने निजी कोष से लगभग 40 लाख रुपए की सहयोग राशि देने की घोषणा की थी।
सांसद नवीन जिन्दल द्वारा की गई घोषणा के महज एक सप्ताह के भीतर ही उनकी टीम द्वारा स्टेडियम के विकास और मरम्मत से जुड़े सभी कार्यों को धरातल पर अमली जामा पहनाने की प्रक्रिया शुरू कर दी गई है। कुरुक्षेत्र और शाहाबाद की हॉकी नर्सरी को विश्वस्तरीय सुविधाएं उपलब्ध कराना सांसद नवीन जिन्दल की प्राथमिकताओं में शामिल है ताकि आने वाले समय में यहां से और भी अंतर्राष्ट्रीय खिलाड़ी देश का प्रतिनिधित्व कर सकें।