सोलन: गुरु वाल्मीकि मंदिर एवं वाल्मीकि वर्ग सुधार समिति, सोलन द्वारा हिमाचल प्रदेश के स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण मंत्री तथा सोलन के विधायक कर्नल डॉक्टर धनीराम शांडिल को एक शिकायत पत्र सौंपा गया है, जिसकी प्रतिलिपि सोलन नगर कांग्रेस अध्यक्ष श्री पुनीत शर्मा जी तथा जिला कांग्रेस अध्यक्ष श्री सुभाष धर्मानी जी को भी आवश्यक कार्रवाई हेतु प्रेषित की गई है। पत्र में आरोप लगाया गया है कि महर्षि वाल्मीकि जयंती की शोभायात्रा के अवसर पर अतिरिक्त उपायुक्त सोलन श्री दीपांशु सिगंल ने तीन माह पूर्व अग्रिम शुल्क जमा होने तथा पुलिस अधीक्षक सोलन द्वारा अनापत्ति प्रमाण पत्र प्रदान किए जाने के उपरांत भी अनुमति देने में अनावश्यक व्यवधान उत्पन्न किया। वार्ता के दौरान उक्त अधिकारी ने 84 वर्षीय वरिष्ठ अध्यक्ष श्री प्रेम चंद मट्टू एवं अन्य वरिष्ठ नागरिकों को लगभग एक घंटे तक खड़ा रखकर अपमानित किया तथा दलित समाज एवं निर्धन-धनी वर्ग को लेकर अत्यंत अभद्र व अमर्यादित भाषा का प्रयोग किया। नियत समय पर अनुमति न मिलने तथा इस असभ्य आचरण से वाल्मीकि समाज एवं नगरवासियों में भारी रोष व्याप्त है, जिसको लेकर समिति ने उक्त अधिकारी के विरुद्ध नियमानुसार कठोर दंडात्मक कार्रवाई करने तथा उनका सोलन से शीघ्र अति शीघ्र स्थानांतरण करने का आग्रह किया है।
विजय भट्टी
शहरी कांग्रेस सचिव,सोलन हिमाचल प्रदेश
Solan, Solan | Oct 29, 2026