जिले के सभी पंचायतों में "पंचायत विकास दिवस" का आयोजन, "सुशासन युक्त पंचायत" थी मुख्य थीम।
बिहार सरकार की अभिनव पहल के तहत प्रत्येक माह के अंतिम रविवार को आयोजित किए जाने वाले "पंचायत विकास दिवस" के क्रम में आज दिनांक 26 जुलाई 2026 को जिला पदाधिकारी, नवादा श्री रवि प्रकाश के निर्देशानुसार जिले के सभी ग्राम पंचायतों में पंचायत विकास दिवस का आयोजन किया गया।
प्रभारी जिला पंचायती राज पदाधिकारी श्री अमरनाथ कुमार ने बताया कि इस माह के पंचायत विकास दिवस की थीम "सुशासन युक्त पंचायत" निर्धारित की गई थी। कार्यक्रम का उद्देश्य पंचायत स्तर पर सुशासन, पारदर्शिता, जनभागीदारी एवं उत्तरदायित्वपूर्ण प्रशासन को बढ़ावा देना तथा ग्रामीण विकास से संबंधित विषयों पर व्यापक जनसंवाद स्थापित करना था।
उन्होंने बताया कि निर्धारित थीम के अतिरिक्त कार्यक्रम के दौरान मुख्यमंत्री पेयजल निश्चय योजना एवं ग्राम पंचायत विकास योजना (GPDP) पर भी विस्तृत परिचर्चा की गई। आयोजित ग्राम सभाओं में ग्रामीणों की उल्लेखनीय एवं सक्रिय भागीदारी देखने को मिली। उपस्थित ग्रामीणों ने केंद्र एवं राज्य सरकार द्वारा संचालित विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं के प्रभाव से समाज में आए सकारात्मक परिवर्तनों पर अपने अनुभव साझा किए तथा सुशासन युक्त पंचायत के निर्माण हेतु अपने बहुमूल्य सुझाव भी प्रस्तुत किए।
कार्यक्रम के दौरान सभी पंचायतों के मुखिया द्वारा पंचायत क्षेत्र में अब तक संपादित विकास कार्यों का विस्तृत प्रतिवेदन ग्राम सभा के समक्ष प्रस्तुत किया गया। साथ ही पंचायत में संचालित विकास योजनाओं की प्रगति, भावी कार्ययोजना तथा जनहित से जुड़े प्रस्तावित विकास कार्यों की भी विस्तारपूर्वक जानकारी ग्रामीणों को दी गई।
इस अवसर पर जिले की सभी पंचायतों में आयोजित पंचायत विकास दिवस कार्यक्रम के दौरान माननीय प्रधानमंत्री के मासिक रेडियो कार्यक्रम "मन की बात" का सामूहिक लाइव प्रसारण भी किया गया। कार्यक्रम को जनप्रतिनिधियों, पंचायत प्रतिनिधियों, पदाधिकारियों एवं बड़ी संख्या में उपस्थित ग्रामीणों ने उत्साहपूर्वक सुना।
नवादा से राकेश कुमार चन्दन की रिपोर्ट !
Nawada, Nawada | Jul 27, 2026