छपराहन में जहरीले सांप ने ली 1 साल 8 माह के मासूम की जान, उपचार के दौरान मंडी अस्पताल में मौत
गोहर (मण्डी)
ग्राम पंचायत छपराहन के गांव छपराहन में जहरीले सांप के काटने से 1 साल 8 माह के मासूम की मौत हो गई। मृतक की पहचान आरुष पुत्र लालमन, निवासी छपराहन, तहसील चच्योट के रूप में हुई है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार आरुष अपनी मां के साथ सोया हुआ था। सुबह करीब चार बजे अचानक उसकी तबीयत बिगड़ने पर मां ने देखा कि उसके हाथ पर सांप के काटने के निशान थे। इसी दौरान आरुष की माता को वहां एक काला सांप भी दिखाई दिया, जिसके बाद उन्हें बच्चे को सांप के काटने की घटना का पता चला।
इसके बाद परिजन आरुष को उपचार के लिए मंडी स्थित जोनल अस्पताल ले गए, लेकिन उपचार के दौरान ही उसने दम तोड़ दिया। घटना की सूचना शनिवार सुबह करीब 8 बजे गोहर पुलिस को मिली। पुलिस ने मंडी में शव का पोस्टमार्टम करवाने के बाद उसे परिजनों को सौंप दिया।
वहीं, गोहर प्रशासन की ओर से पीड़ित परिवार को फौरी राहत के तौर पर 25 हजार रुपये की राशि प्रदान की गई है। एसडीएम गोहर देवी सिंह ने घटना की पुष्टि की है।
Mandi, Mandi | Sep 5, 2026