बाजपुर न्यूज
छात्रहित की मांगों को लेकर आंदोलनरत छात्रों से मिलीं उमा जोशी, समाधान का दिलाया भरोसा
बाजपुर। राजकीय स्नातकोत्तर महाविद्यालय बाजपुर में छात्रहित और अपने अधिकारों की मांग को लेकर चल रहे आंदोलन के बीच मंगलवार को महिला मोर्चा काशीपुर की पूर्व जिला अध्यक्ष, समाजसेवी एवं तीलू रौतेली सम्मान से सम्मानित सुश्री उमा जोशी ने आंदोलनरत छात्र-छात्राओं से मुलाकात की। उनके साथ भाजपा मीडिया संयोजक तरुण रुहेला, पूर्व अध्यक्ष दीपक चौधरी, पवन पंत तथा दीपक पांडे भी मौजूद रहे। उमा जोशी ने आंदोलनरत छात्रों की समस्याओं को गंभीरता से सुनते हुए शिक्षा मंत्री के निजी सचिव से दूरभाष पर वार्ता की और छात्र-छात्राओं की मांगों से अवगत कराया। उन्होंने छात्रों को आश्वस्त किया कि उनकी समस्याओं के शीघ्र समाधान के लिए हरसंभव प्रयास किए जाएंगे। उन्होंने कहा कि बाजपुर क्षेत्र के विद्यार्थियों को महाविद्यालय में सीमित विषय उपलब्ध होने के कारण अपनी पसंद के विषयों में पढ़ाई करने का अवसर नहीं मिल पाता। आर्थिक रूप से कमजोर छात्र-छात्राएं दूसरे शहरों में जाकर शिक्षा प्राप्त करने में असमर्थ रहते हैं, जिसके चलते उन्हें मजबूरी में उपलब्ध सीमित विषयों में ही अध्ययन करना पड़ता है। इससे उनकी शिक्षा और भविष्य दोनों प्रभावित होते हैं। उमा जोशी ने कहा कि युवा और छात्र समाज को नई दिशा देने की क्षमता रखते हैं, इसलिए उनकी जायज़ मांगों और समस्याओं का समाधान होना अत्यंत आवश्यक है। इस दौरान उन्होंने अनशन पर बैठे छात्रों का स्वास्थ्य हाल भी जाना तथा महाविद्यालय के प्राचार्य से मुलाकात कर आंदोलनरत छात्रों का समय-समय पर स्वास्थ्य परीक्षण कराने का अनुरोध किया। उन्होंने छात्र संघ अध्यक्ष महेंद्र सिंह बोहरा, छात्र सेवक अनुज, उत्कर्ष, रोहित तथा छात्र सेवक एवं भारतीय जनता पार्टी युवा मोर्चा जिला मंत्री गुनगुन पवार से विस्तार से बातचीत की और आंदोलन से जुड़ी मांगों की जानकारी प्राप्त की। कार्यक्रम के दौरान रितिक यादव, प्रशांत भट्ट, अमन दीक्षित, सुखप्रीत सिंह, रवि शर्मा, लोकेश चौहान, शालिनी शर्मा, निकिता, दीपक कुमार सहित बड़ी संख्या में छात्र-छात्राएं एवं अन्य साथी उपस्थित रहे। आंदोलनरत छात्रों ने महाविद्यालय में नए विषय शुरू करने और छात्रहित से जुड़ी समस्याओं के समाधान की मांग को लेकर अपना संघर्ष जारी रखने की बात कही।
Bajpur, Udham Singh Nagar | Aug 4, 2026