ग्राम बेलगांव में जल गंगा संवर्धन अभियान का समापन कार्यक्रम सम्पन्न
जल स्रोत उत्सव कार्यक्रम उत्साहपूर्वक संपन्न, जल संरक्षण और पारंपरिक पूजन का दिया संदेश
===========================================================
मध्यप्रदेश शासन के निर्देशानुसार जिले के विकासखंड चौरई की ग्राम पंचायत कौआखेड़ा के ग्राम बेलगांव में ग्राम विकास प्रस्फुटन समिति बेलगांव द्वारा 'जल गंगा संवर्धन अभियान' के अंतर्गत 'जल स्रोत उत्सव' समापन कार्यक्रम का भव्य एवं उत्साहपूर्ण आयोजन किया गया।
म.प्र. जनअभियान परिषद के जिला समन्वयक श्री अखिलेश जैन के कुशल मार्गदर्शन में आयोजित कार्यक्रम में सरपंच श्री झनकलाल मांगरोले एवं श्री कृष्ण मांगरोले मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित थे। कार्यक्रम में विकासखंड समन्वयक सुश्री अफसा खान की विशेष उपस्थिति रही। 19 मार्च से 30 जून तक चले जल गंगा संवर्धन अभियान का उद्देश्य जल स्रोतों के संरक्षण तथा उनके प्रति सामाजिक एवं धार्मिक जुड़ाव को पुनः जागृत करना रहा।
कार्यक्रम के अंतर्गत कुओं, तालाबों, नदियों एवं बावड़ियों की विशेष साफ-सफाई की गई। बेलगांव नदी की भी साफ-सफाई कर उसे सुंदर रंगोली एवं साज-सज्जा से सजाया गया। ग्रामीणों ने श्रद्धापूर्वक नदी के समीप दीप प्रज्ज्वलित कर, नारियल एवं अगरबत्ती अर्पित करते हुए गंगा मैया की आरती की। इस अवसर पर कलश यात्रा भी निकाली गई, जिसमें बड़ी संख्या में ग्रामवासियों ने सहभागिता निभाई।
पंचायत भवन बेलगांव में आयोजित जल संवाद कार्यक्रम में वक्ताओं ने जल संरक्षण के महत्व पर प्रकाश डाला। विकासखंड समन्वयक सुश्री अफसा खान ने जल स्रोतों के पारंपरिक इतिहास एवं उनसे जुड़ी धार्मिक मान्यताओं की जानकारी देते हुए कहा कि जल स्रोतों को स्वच्छ रखना ही जल सुरक्षा की कुंजी है। उन्होंने गंगा मैया के प्रति आस्था एवं जल के साथ हमारे पारंपरिक जुड़ाव को भी रेखांकित किया। कार्यक्रम के दौरान कला जत्था दल ने पानी बचाने का संदेश देते हुए आकर्षक गीतों की प्रस्तुति दी।
कार्यक्रम में परामर्शदाता श्री गहर सिंह मेहदोले, ग्राम विकास समिति के सचिव श्री कालूराम मांगरोले, ग्राम विकास समिति तिसरी के उपाध्यक्ष-सचिव श्री कमलेश यादव, ग्राम विकास समिति दिलावर मोहगांव के अध्यक्ष-सचिव श्री हरिओम मांगरोले, नवांकुर संस्था के प्रतिनिधि श्री पिंकू कुलहार, मेंटर्स एवं बड़ी संख्या में ग्रामीणजन उपस्थित थे। अंत में विकासखंड समन्वयक सुश्री अफसा खान ने सभी के प्रति आभार व्यक्त किया।
Chhindwara, Madhya Pradesh | Jun 30, 2026