सलूणी/चंबा। ग्राम पंचायत पिछला डियूर में मंगलवार को आयोजित ग्राम सभा उस समय हंगामे की भेंट चढ़ गई, जब ग्रामीणों ने छह माह का लेखा-जोखा प्रस्तुत करने की मांग कर दी। इस दौरान मौके पर पुलिस को बुलाना पड़ा।
पुराना रजिस्टर उपलब्ध नहीं होने पर ग्रामीणों ने कड़ी आपत्ति जताई। इसके बाद कार्यवाही का विरोध करते हुए बैठक स्थगित करनी पड़ी। जानकारी के अनुसार ग्राम सभा की अध्यक्षता प्रधान शमीम बेगम ने की। बैठक में पंचायत सचिव मुकेश कुमार, ग्राम सेवक देवराज और उपप्रधान भीलो राम भी मौजूद रहे।
स्थगित करनी पड़ी कार्यवाही, अब कल पेश होगा रिकॉर्ड
ग्राम सभा शुरू होते ही ग्रामीणों ने पंचायत के छह माह के आय-व्यय और कार्यों का विवरण मांगा। ग्रामीणों का आरोप था कि पंचायत सचिव पुराने रजिस्टर की बजाय नया रजिस्टर लेकर पहुंचे थे। उन्होंने कहा कि जब तक पुराना रिकॉर्ड और रजिस्टर प्रस्तुत नहीं किया जाएगा, तब तक ग्राम सभा की कार्यवाही नहीं होने दी जाएगी। विरोध बढ़ने पर बैठक में हंगामे की स्थिति बन गई।
मामले की सूचना थाना किहार को दी गई। सूचना मिलने पर पुलिस ने मौके पर पहुंचे और लोगों को शांत कराया। इसके बाद बीडीओ सलूणी से बातचीत के बाद पंचायत निरीक्षक दर्शन सिंह ठाकुर और उपनिरीक्षक हेम लाल ठाकुर भी ग्राम सभा में पहुंचे।
ग्रामीणों का आरोप है कि इस दौरान पंचायत सचिव मुकेश कुमार बैठक स्थल से चले गए और वापस नहीं लौटे। पंचायत निरीक्षक दर्शन सिंह ठाकुर ने आश्वासन दिया कि 16 जुलाई को पुराना और नया दोनों रजिस्टर ग्राम सभा के समक्ष प्रस्तुत किए जाएंगे।
इसके बाद नियमानुसार आगे की कार्यवाही की जाएगी। आश्वासन के बाद ग्रामीण शांत हुए और बैठक स्थगित कर दी गई।
Chamba, Chamba | Jul 15, 2026