पुलिस मुठभेड़ में गौकशी गिरोह पर बड़ी कार्रवाई, एक आरोपी घायल, 8 गिरफ्तार
प्रयागराज। कमिश्नरेट प्रयागराज के थाना नैनी और एसओजी यमुनानगर की संयुक्त टीम ने शनिवार को बड़ी कार्रवाई करते हुए गौकशी में लिप्त गिरोह का भंडाफोड़ किया। पुलिस मुठभेड़ के दौरान एक आरोपी के पैर में गोली लगी, जबकि कुल 9 आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया गया। मौके से 355 किलो गोवंश मांस, अवैध तमंचा, कारतूस और गौकशी में प्रयुक्त उपकरण बरामद किए गए हैं। तीन अन्य आरोपी मौके से फरार हो गए, जिनकी तलाश जारी है।
पुलिस के अनुसार, मुखबिर की सूचना पर काशीराम कॉलोनी के जंगल क्षेत्र में घेराबंदी की गई। इस दौरान आरोपियों ने पुलिस टीम पर फायरिंग कर दी। जवाबी कार्रवाई में मो. आमिर (22) निवासी नैनी के बाएं पैर में गोली लगी। उसके कब्जे से एक 12 बोर का अवैध तमंचा, एक खोखा और एक जिंदा कारतूस बरामद हुआ।
इसके बाद पुलिस ने पास के एक खंडहरनुमा कमरे में छापेमारी कर गौकशी कर रहे आठ अन्य आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया। सभी आरोपियों के खिलाफ थाना नैनी में संबंधित धाराओं तथा गोवध निवारण अधिनियम एवं आर्म्स एक्ट के तहत मुकदमा दर्ज किया गया है।
पुलिस ने बताया कि फरार तीन आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए टीमें लगातार दबिश दे रही हैं। घायल आरोपी को उपचार के लिए अस्पताल भेजा गया है, जबकि सभी गिरफ्तार आरोपियों के विरुद्ध अग्रिम विधिक कार्रवाई की जा रही है।
Bara, Allahabad | Jul 25, 2026