डीएम ने किया इण्टरलाकिंग सड़क निर्माण कार्य का स्थलीय निरीक्षण, गुणवत्ता जांच को भेजा सैम्पल,
--------------------
डीएम ने भूमिहीन रेखा मिश्र को पट्टा दिलाने व तीन दिन में आवास निर्माण शुरू कराने का दिया निर्देश
-------------------
प्रतापगढ़ के जिलाधिकारी अभिषेक पाण्डेय ने तहसील पट्टी क्षेत्र के ग्राम मनैतापुर में आरईडी द्वारा त्वरित आर्थिक विकास योजना के अंतर्गत कराए जा रहे इंटरलॉकिंग सड़क निर्माण कार्य का स्थलीय निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान उन्होंने निर्माण कार्य की गुणवत्ता, प्रयुक्त सामग्री तथा निर्धारित मानकों के संबंध में जानकारी ली। शिकायत के क्रम में जिलाधिकारी ने मौके से निर्माण सामग्री का सैम्पल प्राप्त कर जांच के लिए पीडब्ल्यूडी प्रयोगशाला भेजने के निर्देश दिए। उन्होंने संबंधित अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश दिए कि निर्माण कार्य निर्धारित मानकों के अनुरूप एवं गुणवत्तापूर्ण ढंग से कराया जाए। इसमें किसी भी स्तर पर लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। जांच में मानकों के विपरीत कार्य अथवा किसी प्रकार की लापरवाही पाए जाने पर संबंधित के विरुद्ध नियमानुसार कार्रवाई सुनिश्चित की जाएगी।
इसके पश्चात जिलाधिकारी ने ग्राम उतरास में रेखा मिश्र पत्नी राजन मिश्र के प्रकरण का स्थलीय निरीक्षण किया। उन्होंने मौके पर उपस्थित लेखपाल को निर्देशित किया कि महिला के भूमिहीन होने के कारण नियमानुसार पट्टा दिलाने की कार्रवाई सुनिश्चित की जाए। साथ ही दान में प्राप्त भूमि पर तत्काल कब्जा दिलाते हुए तीन दिवस के भीतर आवास निर्माण कार्य प्रारंभ कराया जाए। जिलाधिकारी ने संबंधित अधिकारियों को प्रकरण में आपदा राहत कोष से अहेतुक सहायता धनराशि उपलब्ध कराने की कार्रवाई भी सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि पात्र व्यक्तियों को शासन की योजनाओं एवं सहायता का लाभ समयबद्ध ढंग से उपलब्ध कराया जाए तथा जनसमस्याओं के निस्तारण में किसी भी स्तर पर लापरवाही न बरती जाए। इस अवसर पर अपर जिलाधिकारी (वि0/रा0) आदित्य प्रजापति भी उपस्थित रहे।
---------------------
Pratapgarh, Pratapgarh | Oct 5, 2026