राजगढ़ दशहरा दंगल में रोहतक के रोहित ने जीती बड़ी माली
छोटी माली में शुभम विजेता, बड़ी माली के लिए मिले 51 हजार और छोटी माली के लिए 11 हजार रुपये
राजगढ़ के नेहरू मैदान में आयोजित दशहरा उत्सव के दंगल में रोहतक के रोहित पहलवान ने बड़ी माली जीतकर खिताब अपने नाम किया। उन्होंने फाइनल मुकाबले में धामी के सुनील पहलवान को हराया, जबकि छोटी माली में शुभम ने रजनीश को शिकस्त दी। दंगल में हिमाचल, पंजाब और हरियाणा के पहलवानों ने दमखम दिखाया।
उड़ान वेलफेयर सोसायटी की ओर से आयोजित पांच दिवसीय दशहरा उत्सव के चौथे दिन विशाल दंगल का आयोजन किया गया, जिसमें बड़ी संख्या में कुश्ती प्रेमी पहुंचे।
दंगल का शुभारंभ नगर पंचायत राजगढ़ के उपाध्यक्ष नरेंद्र ठाकुर ने किया। प्रतियोगिता के छोटी माली फाइनल में शुभम पहलवान ने रजनीश को हराकर 11 हजार रुपये का पुरस्कार जीता। वहीं, बड़ी माली के रोमांचक मुकाबले में रोहतक के रोहित पहलवान ने धामी के सुनील को पराजित कर 51 हजार रुपये की इनामी राशि अपने नाम की।
दंगल के दौरान पहलवानों के शानदार दांव-पेच और मुकाबलों ने दर्शकों का खूब मनोरंजन किया।
रिपोर्ट: रवि दत्त भारद्वाज, न्यूज टुडे हिमाचल, राजगढ़।