पंचायती राज योजनाओं की समीक्षा, डीएम बोले—शौचालय, पंचायत भवन और अंत्येष्टि स्थल के कार्यों में लाएं तेजी
#संतकबीरनगर। जिलाधिकारी आलोक कुमार ने शुक्रवार को कलेक्ट्रेट सभागार में पंचायती राज विभाग की विभिन्न योजनाओं की समीक्षा बैठक की। उन्होंने योजनाओं की प्रगति और गुणवत्ता की जानकारी लेते हुए अधिकारियों को समयबद्ध एवं गुणवत्तापूर्ण कार्य सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
स्वच्छ भारत मिशन (ग्रामीण) की समीक्षा के दौरान डीएम ने पात्र लाभार्थियों के व्यक्तिगत शौचालय संबंधी आवेदनों का शीघ्र सत्यापन कर धनराशि जारी करने के निर्देश दिए। साथ ही जनपद में निर्मित आरआरसी केंद्रों का नियमित संचालन सुनिश्चित कराने को कहा।
उन्होंने कोचरी (हैंसर बाजार) स्थित प्लास्टिक प्रबंधन इकाई में विद्युत कनेक्शन शीघ्र उपलब्ध कराने तथा दलेलगंज स्थित इकाई का नियमित संचालन कराने के निर्देश भी दिए।
सीएम डैशबोर्ड की समीक्षा में डीएम ने 15वें वित्त एवं राज्य वित्त आयोग की धनराशि का उपयोग आवश्यक एवं तर्कसंगत कार्यों में बढ़ाने पर जोर दिया। उन्होंने निर्माणाधीन अंत्येष्टि स्थलों और पंचायत भवनों का कार्य जल्द पूरा कराने तथा पंचायत भवनों में कर्मचारियों की नियमित उपस्थिति सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
डिजिटल लाइब्रेरी योजना के तहत सामग्री आपूर्ति की गुणवत्ता की जांच के लिए टीम गठित कर सत्यापन कराने के निर्देश भी दिए गए। बैठक में जिला पंचायत राज अधिकारी अरुण कुमार सहित संबंधित अधिकारी उपस्थित रहे ।
#uttarpradesh #sabtkabirnagar