चित्रकूट सड़क हादसे में चार की मौत, कई घायल; दो मासूम बच्चों की भी गई जान, परिवारों का सहारा छिना
चित्रकूट। दीपदान कर घर लौट रहे श्रद्धालुओं के लिए रविवार की रात काल बनकर आई। झांसी-मिर्जापुर राष्ट्रीय राजमार्ग पर रैपुरा थाना क्षेत्र में ट्रैक्टर-ट्रॉली पलटने से चार लोगों की दर्दनाक मौत हो गई, जबकि दर्जनभर से अधिक श्रद्धालु गंभीर रूप से घायल हो गए। मृतकों की संख्या बढ़ने की आशंका जताई जा रही है। हादसे में दो नन्हे बच्चों की भी जान चली गई, जिससे परिवारों में मातम पसरा हुआ है।
परिजनों के मुताबिक, हादसे में घायल कई लोगों की हालत बेहद गंभीर बनी हुई है। वहीं, परिजनों ने ट्रैक्टर चालक की लापरवाही को हादसे की वजह बताया है। उनका आरोप है कि तेज रफ्तार और लापरवाही से वाहन चलाने के कारण यह दर्दनाक घटना हुई।
इस हादसे ने यातायात व्यवस्था और पुलिस प्रशासन की निगरानी पर भी गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं। जगह-जगह ट्रैफिक पुलिस और पुलिस बल की तैनाती के बावजूद तेज रफ्तार वाहनों पर प्रभावी कार्रवाई क्यों नहीं हो रही? क्या सड़कों पर दौड़ते ऐसे वाहनों की निगरानी नहीं की जाती? आखिर ऐसे हादसों को रोकने के लिए जिम्मेदार अधिकारियों की जवाबदेही क्या है?
हादसे में कई परिवारों का सहारा छिन गया। जिन लोगों की मौत हुई, वे अपने परिवार का पालन-पोषण मेहनत-मजदूरी करके करते थे। अब उनके पीछे रह गए बच्चों और परिजनों की जिम्मेदारी कौन उठाएगा? मृतकों के परिवारों का रो-रोकर बुरा हाल है।
अब देखना होगा कि योगी सरकार पीड़ित परिवारों को क्या आर्थिक सहायता प्रदान करती है और पुलिस प्रशासन की लापरवाही के आरोपों पर जिलाधिकारी व पुलिस के आला अधिकारी क्या कार्रवाई करते हैं। यह हादसा एक बार फिर सड़क सुरक्षा और तेज रफ्तार वाहनों पर सख्त नियंत्रण की आवश्यकता को उजागर करता है।
Karwi, Chitrakoot | Nov 9, 2026