भिवानी में युद्ध स्तर पर चल रहा है माइनरों में सफाई का कार्य ?
टेंडर प्रक्रिया में एजेंसियों द्वारा भाग नहीं लेने के कारण डीसी साहिल गुप्ता के आदेशानुसार सिंचाई विभाग करवा रहा है विभागीय स्तर पर सफाई का कार्य
भिवानी, 22 अगस्त। माइनरों में पानी को लेकर किसानों को किसी प्रकार की चिंता करने की जरूरत नहीं है। डीसी साहिल गुप्ता के निर्देशानुसार जिले की विभिन्न माइनरों की सफाई का कार्य युद्ध स्तर पर चल रहा है। सिंचाई विभाग के अनुसार इसी महीने 24 अगस्त को माइनरों में पानी की पर्याप्त मात्रा में उपलब्धता हो जाएगी।
उल्लेखनीय है कि सिंचाई विभाग द्वारा माइनरों की सफाई के टेंडर आमंत्रित किए गए थे, लेकिन किसी भी एजेंसी ने टेंडर में भाग नही लिया। सिंचाई विभाग के अधिकारियों ने टेंडर नहीं लगने की सूचना डीसी साहिल गुप्ता को दी। डीसी ने माइनरों की सफाई के मामले को गंभीरता से लिया और सिंचाई विभाग को उनके विभागीय स्तर पर माइनरों की सफाई करवाने के निर्देश दिए ताकि टेल के अंतिम छोर तक पानी पहुंचे और किसानों को किसी प्रकार की चिंता ना रहे। इस बीच कुछ गांव के किसानों ने डीसी साहिल गुप्ता से मिलकर भी माइनरों की सफ़ाई की स्थिति के बारे में अवगत करवाया था। डीसी ने किसानों को माइनरों की अतिशीघ्र सफाई करवाने का आश्वासन दिया था। इसके साथ ही डीसी श्री गुप्ता ने सिंचाई विभाग के अधिकारियों को माइनरों की सफाई कार्य में तेजी लाने के निर्देश दिए थे।
सिंचाई विभाग के कार्यकारी अभियंता राहुल छिल्लर ने जानकारी देते हुए बताया कि विभाग द्वारा लगाए गए माइनरों की सफाई की टेंडर प्रक्रिया में किसी भी एजेंसी द्वारा भाग नहीं लेने के कारण खानक माइनर, बलियाली सब माइनर, तोशाम हिल माइनर और बड़सी माइनर का कार्य विभागीय स्तर पर करवा जा रहा है। उन्होंने बताया कि तोशाम हिल माइनर और बड़सी माइनर की सफाई का कार्य पूरा हो चुका है। खानक माइनर का कार्य दो दिन में पूरा हो जाएगा। बलियाली सब माइनर का कार्य 4 से 5 दिन में संपन्न हो जाएगा। उन्होंने बताया कि फिलहाल नहर चौथे ग्रुप में यानी आखिरी ग्रुप में चल रही हैं, 23 तारीख से प्रथम ग्रुप में शुरू हो जाएंगे, जिसमें भिवानी क्षेत्र की नहरों में पानी आ जाएगा, 24 अगस्त को माइनरों में पानी की पर्याप्त उपलब्धता हो जाएगी। सिंचाई विभाग का प्रयास है कि किसानों को पर्याप्त मात्रा में पानी मिले।
Bhiwani, Bhiwani | Aug 22, 2026