आनी-निरमंड में बंद HRTC बस रूटों को बहाल करने की मांग
Bushahr Today TV
निरमंड/आनी/कुल्लू। आनी विधानसभा क्षेत्र के विधायक लोकेंद्र कुमार ने आनी-निरमंड क्षेत्र में लंबे समय से बंद पड़े HRTC बस रूटों को पुनः बहाल करवाने के लिए शुक्रवार को उपमुख्यमंत्री मुकेश अग्निहोत्री से मुलाकात की। इस दौरान उन्होंने क्षेत्र की जनता की परिवहन संबंधी समस्या को प्रमुखता से उठाते हुए बंद बस रूटों को जल्द बहाल करने का आग्रह किया।
विधायक लोकेंद्र कुमार ने कहा कि दूरदराज ग्रामीण क्षेत्रों के लिए HRTC बस सेवा महज परिवहन का साधन नहीं, बल्कि विद्यार्थियों, कर्मचारियों, बुजुर्गों और आम जनता की जीवनरेखा है। लंबे समय से बस रूट बंद होने के कारण लोगों को आवाजाही में भारी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है।
उन्होंने उपमुख्यमंत्री से आग्रह किया कि आनी-निरमंड क्षेत्र के बंद पड़े बस रूटों को जल्द बहाल किया जाए, ताकि क्षेत्र के हजारों लोगों को राहत मिल सके और उन्हें सुचारू एवं बेहतर परिवहन सुविधा उपलब्ध हो।
Rampur, Shimla | Aug 21, 2026