तेज रफ्तार ट्रैक्टर-ट्रॉली की चपेट में आने से वृद्ध महिला की मौत, परिवार में मचा कोहराम
प्रयागराज। घूरपुर थाना क्षेत्र के पवरी गांव में शनिवार शाम एक दर्दनाक सड़क हादसे में 60 वर्षीय वृद्ध महिला की मौत हो गई। घटना के बाद गांव में शोक की लहर दौड़ गई, वहीं परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।
जानकारी के अनुसार, पवरी गांव निवासी रामपति पत्नी स्वर्गीय लाल जी (60 वर्ष) शनिवार शाम करीब 3:30 बजे घरेलू सामान खरीदने के लिए सुक्खू का पूरा बाजार जा रही थीं। बताया जा रहा है कि जैसे ही वह बड़े तारा तालाब के पास पहुंचीं, तभी गौहनिया की ओर तेज रफ्तार से जा रहे ट्रॉली लगे ट्रैक्टर ने उन्हें जोरदार टक्कर मार दी।
हादसा इतना भीषण था कि महिला गंभीर रूप से घायल होकर सड़क पर गिर पड़ीं और मौके पर ही उनकी मौत हो गई। घटना के बाद राहगीरों और ग्रामीणों की भीड़ मौके पर जुट गई। सूचना मिलते ही घूरपुर पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर आवश्यक कार्रवाई शुरू कर दी।
पुलिस ने दुर्घटना में शामिल ट्रैक्टर-ट्रॉली को हिरासत में ले लिया है। शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजने की प्रक्रिया पूरी की जा रही है।
मृतका अपने पीछे चार बच्चों का परिवार छोड़ गई हैं। अचानक हुई इस दर्दनाक घटना से परिजनों पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है। गांव में मातम का माहौल है।
ग्रामीणों ने प्रशासन से तेज रफ्तार और लापरवाही से वाहन चलाने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की है, ताकि भविष्य में ऐसे हादसों पर रोक लगाई जा सके।
मनोज कुमार बिंद पत्रकार
यूनाइटेड भारत बारा
Bara, Allahabad | Jul 11, 2026