हिल कॉलोनी मजार में नई वक्फ कमेटी के पदभार को लेकर विवाद, पुलिस की मौजूदगी में बढ़ा तनाव
धनबाद: रेलवे रोड स्थित हिल कॉलोनी मजार शरीफ में बुधवार को नई वक्फ प्रबंधन समिति के पदभार ग्रहण को लेकर विवाद खड़ा हो गया। नई समिति के पदभार संभालने पहुंचते ही पुरानी समिति ने गठन की प्रक्रिया पर सवाल उठाते हुए विरोध शुरू कर दिया। देखते ही देखते माहौल तनावपूर्ण हो गया, जिसके बाद धनबाद और बैंक मोड़ थाना पुलिस के साथ प्रशासनिक अधिकारी मौके पर पहुंचकर स्थिति को नियंत्रित करने में जुट गए।
नई समिति के अध्यक्ष कमल अशरफ ने दावा किया कि समिति का गठन झारखंड वक्फ बोर्ड के निर्देश और अदालत के आदेश के अनुरूप किया गया है। उन्होंने कहा कि प्रशासन की मौजूदगी में पदभार ग्रहण की प्रक्रिया पूरी की जा रही है। यदि किसी को समिति के गठन पर आपत्ति है, तो वह वक्फ बोर्ड के समक्ष अपनी शिकायत दर्ज करा सकता है।
वहीं, पुरानी समिति के सचिव वाजिद खान ने नई समिति के गठन पर गंभीर सवाल उठाए। उनका आरोप है कि समिति का गठन नियमों की अनदेखी करते हुए और स्थानीय लोगों की भागीदारी के बिना किया गया है। उन्होंने यह भी कहा कि पुरानी समिति द्वारा मजार के विकास के लिए किए गए कार्यों और खर्च का पहले ऑडिट कराया जाए, उसके बाद ही किसी नई समिति को जिम्मेदारी सौंपी जाए।
फिलहाल प्रशासन की निगरानी में स्थिति नियंत्रण में है। मामले को लेकर दोनों पक्ष अपने-अपने दावों पर कायम हैं और आगे का फैसला संबंधित अधिकारियों एवं वक्फ बोर्ड की प्रक्रिया के अनुसार होने की संभावना है।