*पालिका व फायर कर्मचारियों की हड़ताल 4 दिन बढ़ी, 15 अगस्त को झंडारोहण के बाद होगी विचार गोष्ठी*
*13 मई के समझौते से पीछे हटकर सरकार ने कर्मचारियों के साथ किया विश्वासघात : गुलशन भारद्वाज*
*यमुनानगर 11अगस्त। नगरपालिका कर्मचारी संघ, हरियाणा शाखा हरियाणा अग्निशमन विभाग कर्मचारी यूनियन की हड़ताल यमुनानगर दमकल केंद्र पर प्रधान विजेंद्र सिंह की अध्यक्षता में छठे दिन भी जारी रही। संचालन जिला कोषाध्यक्ष ललित कुमार ने किया।अग्निशमन यूनियन के राज्य महासचिव गुलशन भारद्वाज ने बताया की* *नगरपालिका व फायर की संयुक्त राज्य कार्यकारिणी की बैठक आज सुखपुरा चौक स्थित कर्मचारी भवन में हुई। बैठक में सर्वसम्मति से चल रही हड़ताल को 15 अगस्त तक बढ़ाने का निर्णय लिया गया।*
*बैठक में निर्णय लिया गया कि 15 अगस्त को स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर झंडारोहण के बाद विचार गोष्ठी आयोजित की जाएगी। गोष्ठी में राजनीतिक एवं सामाजिक नेताओं,जनप्रतिनिधियों, बुद्धिजीवियों, कर्मचारी एवं मजदूर संगठनों तथा सामाजिक कार्यकर्ताओं को आमंत्रित किया जाएगा। गोष्ठी में आजाद भारत में सफाई एवं फायर कर्मचारियों के साथ किए जा रहे व्यवहार और उनकी लंबित मांगों पर विचार-विमर्श किया जाएगा। 15 अगस्त को ही हड़ताल को आगे बढ़ाने अथवा अन्य आंदोलनात्मक कदम उठाने पर फैसला किया जाएगा।*
*गुलशन भारद्वाज ने बताया कि 17 अगस्त से नगरपालिका कर्मचारी संघ एवं फायर कर्मचारी यूनियन विधायकों एवं सांसदों, विभिन्न राजनीतिक दलों के एवं जिला अध्यक्षों तथा नगरपालिका, नगर परिषद एवं नगर निगमों के सदन के सदस्यों, चेयरमैनों एवं महापौरों से संपर्क कर पालिका एवं फायर कर्मचारियों के आंदोलन का समर्थन करने तथा सरकार से मांगों का समाधान करवाने की अपील करेगा।*
*उन्होंने कहा कि संगठन दलित सामाजिक एवं धार्मिक संगठनों से भी सफाई कर्मचारियों के आंदोलन का समर्थन करने की अपील करेगा। इसके साथ ही दलित, राजनीतिक, सामाजिक, कर्मचारी, मजदूर एवं किसान संगठनों से बातचीत कर बड़ी महापंचायत आयोजित करने की भी तैयारी की जाएगी। सरकार पर 13 मई के समझौते से पीछे हटने का आरोप लगाते हुए कहा कि सरकार सफाई एवं फायर कर्मचारियों के साथ धोखा किया है। उन्होंने कहा कि 13 मई की वार्ता में कच्चे कर्मचारियों को पक्का करने, ठेका प्रथा समाप्त करने, सफाई कर्मचारियों के खाली पदों पर पक्की भर्ती करने, फायर विभाग के शहीद कर्मचारियों के परिवारों को 50-50 लाख रुपये आर्थिक सहायता एवं पक्की नौकरी, फायर विभाग के अनुबंधित ड्राइवरों एवं फायरमैनों को पक्का करने तथा वर्दी भत्ता सहित 17 मांगों पर सहमति बनी थी।उन्होंने आरोप लगाया कि सरकार ने बाद में 22 मई को माननीय उच्च न्यायालय में दिए गए शपथ पत्र में पूर्व में मानी गई मांगों से इनकार कर दिया। सरकार के इस रवैये से कर्मचारियों एवं आम जनता में सरकार के प्रति विश्वास समाप्त हुआ है।*
*नेताओं ने स्पष्ट किया कि पालिका एवं फायर कर्मचारी अपनी मांगें पूरी होने तक आंदोलन जारी रखेंगे और मांगों का ठोस समाधान होने के बाद ही आंदोलन वापस लेने पर विचार किया जाएगा।मौके पर सचिव रिंकू कुमार, तेज़िन्दर सिंह, विक्की वालिया, कवलजीत सिंह, जगविंदर, कुलदीप, विजय, विक्रम, संदीप, राजेश, प्रिंस कुमार, सुभाष, बलकार देसराज, हरमिन्दर सिंह, अमित कुमार, बृजभूषण आदि ने भी सम्बोधित किया*