बेलगाम रफ्तार का कहर: बेसुध कार चालक ने तीन बाइकों को रौंदा, तीन घायल
प्रतापनगर–संडीला मार्ग के नगवा मोड़ पर हादसा, एक की हालत गंभीर, कार चालक फरार
हरदोई बेनीगंज कोतवाली क्षेत्र बेनीगंज के कोथावां में शनिवार को तेज रफ्तार कार का ऐसा खौफनाक मंजर देखने को मिला,जिसने राहगीरों के रोंगटे खड़े कर दिए। प्रतापनगर–संडीला मार्ग पर नगवा मोड़ के पास एक बेलगाम कार ने एक के बाद एक तीन बाइकों को जोरदार टक्कर मार दी। हादसे में तीन युवक गंभीर रूप से घायल हो गए, जबकि टक्कर की भयावहता से तीनों बाइकों के परखच्चे उड़ गए। घटना के बाद कार चालक वाहन समेत मौके से फरार हो गया।प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, काले रंग की कार (UP77AU2080) अत्यधिक तेज गति से प्रतापनगर की ओर से आ रही थी। नगवा मोड़ के समीप चालक ने वाहन से नियंत्रण खो दिया और सामने से आ रहे तीन बाइक सवारों को बारी-बारी से रौंद दिया। टक्कर इतनी भीषण थी कि सड़क पर अफरा-तफरी मच गई और घायल युवक कई फीट दूर जा गिरे।हादसे में बेनीगंज कोतवाली क्षेत्र के अटिया मझिगवा गांव निवासी उमेश (19) पुत्र मुकेश, छुन्नी (20) पुत्र शौकीन तथा जिगिंदर (22) पुत्र लक्ष्मी गंभीर रूप से घायल हो गए। बताया जा रहा है कि तीनों युवक बर्तन फेरी का काम निपटाकर अपने घर लौट रहे थे, तभी यह दर्दनाक हादसा हो गया।हादसे के बाद राहगीरों ने तत्काल 108 एम्बुलेंस और पुलिस को सूचना दी। मौके पर पहुंचे कोथावां चौकी प्रभारी विजयंत मिश्रा ने घायलों को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र कोथावां भिजवाया। चिकित्सकों ने उमेश की हालत नाजुक देखते हुए उसे प्राथमिक उपचार के बाद जिला अस्पताल रेफर कर दिया, जबकि अन्य दोनों घायलों को प्राथमिक इलाज के बाद छुट्टी दे दी गई।स्थानीय लोगों में बढ़ा आक्रोश, कार्रवाई की मांग घटना से आक्रोशित स्थानीय निवासियों का कहना है कि प्रतापनगर–संडीला मार्ग पर आए दिन तेज रफ्तार वाहन लोगों की जान के लिए आफत बने हुए हैं। बेलगाम गति और लापरवाही से वाहन चलाने वालों पर प्रभावी कार्रवाई न होने से लगातार हादसे हो रहे हैं।ग्रामीणों ने पुलिस-प्रशासन से तेज रफ्तार वाहनों के खिलाफ चेकिंग अभियान चलाने व दोषी चालक को जल्द गिरफ्तार करने की मांग की है।दुर्घटना करने वाली काले रंग की कार की पहचान कर ली गई है। फरार चालक की तलाश में पुलिस जुटी है, जल्द ही उसे गिरफ्तार कर उसके विरुद्ध कड़ी विधिक कार्रवाई की जाएगी।"
Hardoi, Hardoi | Jul 25, 2026