छत्तीसगढ़ में सड़क और पुल कनेक्टिविटी मजबूत करने के लिए सरकार ने 243 करोड़ 81 लाख रुपये से ज्यादा के 18 निर्माण कार्यों की निविदाओं को मंजूरी दी है। इनमें 12 उच्च स्तरीय पुल और 6 सड़क निर्माण व उन्नयन कार्य शामिल हैं। रायपुर के फुण्डहर चौक पर 29.80 करोड़ रुपये की लागत से ओवरपास बनेगा, वहीं बस्तर और बीजापुर जैसे दूरस्थ इलाकों में भी नए पुलों का निर्माण होगा। इससे ग्रामीण क्षेत्रों में आवागमन, शिक्षा, स्वास्थ्य और रोजगार तक पहुंच आसान होने की उम्मीद है। फिलहाल निविदाएं स्वीकृत हुई हैं, निर्माण कार्य एजेंसियों को कार्यादेश जारी होने के बाद शुरू होंगे।