महादलित टोले में डीएम सावन कुमार ने परिवारों के साथ मनाई दीपावली, दीप जलाकर बांटी खुशियां और मिठाइयां
सुपौल। दीपावली के पावन अवसर पर जिलाधिकारी सावन कुमार ने सामाजिक सौहार्द और आपसी भाईचारे की मिसाल पेश करते हुए नगर परिषद क्षेत्र के राम टोला, वार्ड संख्या-04 स्थित महादलित टोले में महादलित समुदाय के परिवारों के साथ दीपावली का पर्व मनाया।
इस दौरान जिलाधिकारी ने महादलित परिवारों के बीच पहुंचकर उनके साथ दीप प्रज्वलित किया और दीपावली की खुशियां साझा कीं। उन्होंने उपस्थित परिवारों के बीच मिठाइयां वितरित कर सभी को दीपावली की हार्दिक शुभकामनाएं दीं। डीएम ने लोगों के साथ आत्मीयता से बातचीत करते हुए पर्व की खुशियों में सहभागिता निभाई।
जिलाधिकारी को अपने बीच पाकर महादलित टोले के लोगों में भी खासा उत्साह और खुशी देखने को मिली। इस पहल के माध्यम से जिलाधिकारी ने समाज के सभी वर्गों के साथ मिलकर त्योहार मनाने, सामाजिक समरसता, समानता और भाईचारे का सकारात्मक संदेश दिया।
इस अवसर पर भूमि सुधार उप समाहर्ता, सुपौल सदर, जिला कल्याण पदाधिकारी, संबंधित वार्ड पार्षद, विकास मित्र सहित अन्य लोग उपस्थित रहे।
Supaul, Supaul | Nov 8, 2026