बदलती चुनौतियों के अनुरूप स्वयं को अपडेट रखें, तकनीक आधारित पुलिसिंग अपनाएं : डीजीपी श्री राजीव कुमार शर्मा
• राजस्थान पुलिस सेवा के अधिकारियों के लिए पाँच दिवसीय मिड-कैरियर ट्रेनिंग प्रोग्राम का शुभारम्भ, 48 आरपीएस अधिकारी ले रहे हैं प्रशिक्षण
जयपुर, 06 जुलाई। महानिदेशक पुलिस श्री राजीव कुमार शर्मा ने कहा कि वर्तमान समय में पुलिसिंग की चुनौतियाँ तेजी से बदल रही हैं। साइबर अपराध, आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (एआई), सोशल मीडिया और डिजिटल तकनीकों के बढ़ते प्रभाव को देखते हुए पुलिस अधिकारियों को निरंतर अपने ज्ञान, कौशल और तकनीकी दक्षता को अद्यतन रखना होगा। उन्होंने कहा कि गुणवत्तापूर्ण अनुसंधान, वैज्ञानिक साक्ष्यों का प्रभावी उपयोग और मजबूत अभियोजन ही आधुनिक पुलिसिंग की सफलता का आधार है।
महानिदेशक पुलिस श्री शर्मा इंटेलीजेंस ट्रेनिंग अकादमी, जयपुर में राजस्थान पुलिस सेवा के अधिकारियों के लिए आयोजित पाँच दिवसीय मिड-कैरियर ट्रेनिंग प्रोग्राम (MCTP) के उद्घाटन समारोह को संबोधित कर रहे थे। कार्यक्रम में राज्य के विभिन्न जिलों एवं इकाइयों से आए 48 राजस्थान पुलिस सेवा अधिकारियों ने भाग लिया।
अपने उद्बोधन में डीजीपी श्री राजीव कुमार शर्मा ने अधिकारियों से कहा कि अनुसंधान के दौरान प्रत्येक तथ्य का गहन विश्लेषण करें, तकनीकी संसाधनों एवं डिजिटल प्लेटफॉर्म का अधिकतम उपयोग करें तथा पीड़ित-केंद्रित पुलिसिंग को सर्वोच्च प्राथमिकता दें। उन्होंने सोशल मीडिया के जिम्मेदार उपयोग, संगठित पुलिसिंग को और अधिक प्रभावी बनाने तथा न्यायालयों के साथ बेहतर समन्वय स्थापित करने पर भी विशेष बल दिया।
उन्होंने अधिकारियों को शारीरिक एवं मानसिक स्वास्थ्य का ध्यान रखने, नियमित अध्ययन की आदत विकसित करने तथा नवीनतम कानूनी एवं तकनीकी परिवर्तनों से लगातार अपडेट रहने की सलाह दी। साथ ही आईसीजेएस (Inter-Operable Criminal Justice System) सहित अन्य डिजिटल प्लेटफॉर्म के प्रभावी उपयोग पर जोर देते हुए कहा कि इससे अपराध अनुसंधान अधिक गुणवत्तापूर्ण, वैज्ञानिक और त्वरित बनाया जा सकेगा।
#RajasthanPolice
#ModernPolicing
#SmartPolicing India
#TechInPolicing
#CyberSecurity
#AIinPolicing
#PoliceTraining
#RPSOfficers
#JaipurPolice
790 views | Rajasthan, India | Jul 6, 2026