दीपावली पर खाद्य पदार्थों की शुद्धता सुनिश्चित करने खाद्य सुरक्षा प्रशासन का सघन अभियान, जिलेभर में मिठाई, दूध और नमकीन के नमूने लिए
-----------------------------
जांच के लिए प्रयोगशाला भेजे जा रहे नमूने, रिपोर्ट के आधार पर संबंधित खाद्य प्रतिष्ठानों पर होगी वैधानिक कार्रवाई
-----------------------------
विदिशा। दीपावली पर्व पर आमजन को शुद्ध, सुरक्षित एवं गुणवत्तापूर्ण खाद्य पदार्थ उपलब्ध कराने के उद्देश्य से कलेक्टर श्री अंशुल गुप्ता के निर्देशन में खाद्य सुरक्षा प्रशासन द्वारा जिलेभर में सघन निरीक्षण एवं नमूना संग्रहण अभियान संचालित किया जा रहा है। त्योहार के दौरान मिठाई, दूध एवं दुग्ध उत्पादों, नमकीन तथा अन्य खाद्य पदार्थों की मांग में होने वाली वृद्धि को देखते हुए खाद्य प्रतिष्ठानों की सतत निगरानी की जा रही है। इस अभियान के अंतर्गत खाद्य सुरक्षा अधिकारियों की अलग-अलग टीमों द्वारा मिठाई दुकानों, किराना प्रतिष्ठानों, दूध डेयरियों एवं भोजनालयों का निरीक्षण कर खाद्य पदार्थों के नमूने गुणवत्ता परीक्षण के लिए संग्रहित किए जा रहे हैं। खाद्य सुरक्षा प्रशासन द्वारा 2 से 5 नवंबर तक जिले के विभिन्न नगरीय एवं ग्रामीण क्षेत्रों में कार्रवाई की गई। इस दौरान मावा, मावा बर्फी, कलाकंद, मलाई बर्फी, दूध पेड़ा, बेसन लड्डू, सोन पपड़ी, गुलाब जामुन, नमकीन, दाल, दूध, पनीर, वनस्पति सहित विभिन्न खाद्य पदार्थों के नमूने लिए गए हैं।
▪️ सोमवार को गंजबासौदा, लटेरी एवं शमशाबाद में कार्रवाई -
अभियान के पहले दिन खाद्य सुरक्षा अधिकारी श्रीमती कुदसिया खान द्वारा गंजबासौदा के अंबानगर स्थित अशोक टी स्टाल से मावा बर्फी एवं पोहा नमकीन के नमूने लिए गए। विकास किराना स्टोर से सौंफ एवं मूंगफली दाना तथा अभिषेक किराना भंडार से तुअर दाल एवं मूंग दाल के नमूने संग्रहित किए गए। इसी दिन खाद्य सुरक्षा अधिकारी श्रीमती सारिका गुप्ता द्वारा लटेरी स्थित शीतल दूध डेयरी से गाय एवं भैंस के दूध के नमूने लिए गए। श्री बालाजी मिष्ठान भंडार से कलाकंद, मलाई बर्फी एवं अंजीर बर्फी तथा शमशाबाद के महानीम चौराहा स्थित साहू रेस्टोरेंट से गुलाब जामुन, मावा एवं बेसन लड्डू के नमूने संग्रहित किए गए। खाद्य सुरक्षा अधिकारी श्रीमती कल्पना अर्शिया द्वारा लटेरी स्थित भाग्योदय मिल्क चिलिंग सेंटर से मिश्रित दूध तथा शर्मा मिष्ठान से मावा बर्फी, दूध पेड़ा एवं बेसन लड्डू के नमूने जांच के लिए लिए गए।
▪️ मंगलवार को विदिशा के मिठाई प्रतिष्ठानों का निरीक्षण -
अभियान के तहत 3 नवंबर को विदिशा शहर में खाद्य प्रतिष्ठानों का निरीक्षण किया गया। खाद्य सुरक्षा अधिकारी श्रीमती कुदसिया खान द्वारा चौरसिया स्वीट्स से मिल्क केक, धनिया मिक्सचर नमकीन, सेव नमकीन एवं मावा बर्फी के नमूने लिए गए। वहीं रामजी मिठाईवाला से मलाई बर्फी, दूध कतली एवं मावा बर्फी के नमूने संग्रहित किए गए। खाद्य सुरक्षा अधिकारी श्रीमती सारिका गुप्ता द्वारा यश स्वीट्स से बेसन लड्डू, मिल्क केक एवं मावा बर्फी तथा राजस्थान स्वीट्स से बीकानेरी बर्फी, मलाई बर्फी एवं चॉकलेट बर्फी के नमूने जांच हेतु लिए गए।
▪️ विदिशा, पथरिया एवं सिरोंज में नमूना संग्रहण -
बुधवार 4 नवंबर को खाद्य सुरक्षा अधिकारी श्रीमती कुदसिया खान द्वारा विदिशा स्थित गोपल स्वीट्स से मावा पेड़ा, मलाई बर्फी एवं दूध पेड़ा तथा ब्रिज स्वीट्स से मलाई बर्फी के नमूने लिए गए। हरीश ट्रेडर्स, रायसेन गेट विदिशा से मावा का नमूना संग्रहित किया गया। खाद्य सुरक्षा अधिकारी श्रीमती कल्पना अर्शिया द्वारा पथरिया स्थित महाकाल स्वीट्स एंड रेस्टोरेंट से मावा पेड़ा एवं मावा के नमूने लिए गए। सिरोंज बस स्टैंड स्थित राजेंद्र मिष्ठान भंडार से बेसन लड्डू एवं नमकीन सेव तथा श्री गुरु जी दूध डेयरी से गाय, भैंस एवं मिश्रित दूध के साथ खोपरा बर्फी एवं बेसन लड्डू के नमूने संग्रहित किए गए।
इसी क्रम में खाद्य सुरक्षा अधिकारी श्रीमती सारिका गुप्ता द्वारा सिरोंज के देवेंद्र मिष्ठान भंडार से बेसन लड्डू एवं दाल चूड़ा, ग्राम पथरिया स्थित शिव आइसक्रीम से नाकोड़ा सोन पपड़ी एवं मावा बर्फी तथा पथरिया रोड स्थित शिव शंकर किराना से वनस्पति का नमूना जांच के लिए लिया गया।
▪️ गंजबासौदा में निरीक्षण -
5 नवंबर को खाद्य सुरक्षा प्रशासन की टीम द्वारा गंजबासौदा क्षेत्र में खाद्य प्रतिष्ठानों का निरीक्षण कर नमूना संग्रहण की कार्रवाई की गई। इस दौरान हर गंगे भोजनालय से पकी हुई दाल, पनीर एवं ग्रेवी के नमूने लिए गए। वहीं शरद स्वीट्स से बेसन एवं मावा बर्फी के नमूने गुणवत्ता परीक्षण के लिए संग्रहित किए गए।
▪️ जांच रिपोर्ट के आधार पर होगी वैधानिक कार्रवाई -
खाद्य सुरक्षा प्रशासन द्वारा अभियान के दौरान संग्रहित किए गए सभी खाद्य पदार्थों के नमूने गुणवत्ता परीक्षण के लिए प्रयोगशाला भेजे जा रहे हैं। प्रयोगशाला से जांच रिपोर्ट प्राप्त होने के बाद खाद्य पदार्थों की गुणवत्ता एवं मानकों के अनुरूप स्थिति के आधार पर खाद्य सुरक्षा एवं मानक अधिनियम, 2006 तथा उसके अंतर्गत प्रचलित नियमों के अनुसार आवश्यक वैधानिक कार्रवाई की जाएगी। खाद्य सुरक्षा प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि त्योहार के दौरान आमजन के स्वास्थ्य एवं खाद्य पदार्थों की गुणवत्ता के मामले में किसी भी प्रकार की लापरवाही स्वीकार नहीं की जाएगी। जिले में खाद्य प्रतिष्ठानों का निरीक्षण, निगरानी एवं नमूना संग्रहण अभियान निरंतर जारी रहेगा। प्रशासन का उद्देश्य है कि दीपावली का पर्व प्रत्येक परिवार के लिए खुशियों के साथ-साथ सुरक्षित और गुणवत्तापूर्ण खानपान का अवसर बने तथा उपभोक्ताओं को निर्धारित खाद्य मानकों के अनुरूप खाद्य सामग्री उपलब्ध हो सके। #vidisha #JansamparkMP
Vidisha, Madhya Pradesh | Nov 5, 2026