टिहरी के नवीन रयाल चौथी बार करेंगे भारत का प्रतिनिधित्व, अजरबैजान में इंटरनेशनल रेफरी के रूप में मिली जिम्मेदारी
टिहरी गढ़वाल। जनपद टिहरी गढ़वाल के नसोगी गांव निवासी नवीन रयाल ने एक बार फिर उत्तराखंड और देश का नाम अंतरराष्ट्रीय स्तर पर रोशन किया है। उनका चयन United World Wrestling (UWW) Grappling Championship–2026, बाकू (अजरबैजान) में International Referee III के रूप में हुआ है।
नवीन रयाल की इस उपलब्धि से क्षेत्र में खुशी की लहर है। पहाड़ के एक छोटे से गांव से निकलकर अंतरराष्ट्रीय कुश्ती मंच तक पहुंचना उनकी मेहनत, लगन, समर्पण और खेल के प्रति प्रतिबद्धता को दर्शाता है।
नवीन रयाल चौथी बार अंतरराष्ट्रीय मंच पर भारत का प्रतिनिधित्व करेंगे। इससे पहले वह कजाकिस्तान, ग्रीस और सर्बिया में आयोजित अंतरराष्ट्रीय प्रतियोगिताओं में भारत का प्रतिनिधित्व कर चुके हैं। इन प्रतियोगिताओं में अपनी जिम्मेदारी निभाकर उन्होंने देश का मान बढ़ाया है।
अब अजरबैजान के बाकू में आयोजित होने वाली UWW Grappling Championship–2026 में International Referee III के रूप में उनका चयन उनके अंतरराष्ट्रीय अनुभव और क्षमता की एक और बड़ी उपलब्धि माना जा रहा है।
नवीन रयाल की इस उपलब्धि पर क्षेत्रवासियों, खेल प्रेमियों और शुभचिंतकों ने उन्हें बधाई देते हुए प्रतियोगिता के लिए शुभकामनाएं दी हैं। लोगों ने उम्मीद जताई कि वह अंतरराष्ट्रीय मंच पर एक बार फिर अपनी जिम्मेदारी का शानदार निर्वहन करते हुए भारत और उत्तराखंड का गौरव बढ़ाएंगे।